Prayagraj : रेलवे मान्यता चुनाव के लिए मतगणना जारी, गड़बड़ी की आशंका को लेकर भड़के रेलकर्मी
डीआरएम ऑफिस में रेल यूनियन मान्यता चुनाव के लिए मतगणना जारी है। इसको लेकर बृहस्पतिवार को सुबह से ही गहमा गहमी की स्थिति बनी हुई है। मतगणना शुरू होने के बाद पहले राउंड का आंकड़ा न जारी करने पर रेलकर्मियों ने गड़बड़ी की आशंका जाहिर करते हुए हंगामा किया और विरोध प्रदर्शन किया।
विस्तार
डीआरएम ऑफिस में रेल यूनियन मान्यता चुनाव के लिए मतगणना जारी है। इसको लेकर बृहस्पतिवार को सुबह से ही गहमा गहमी की स्थिति बनी हुई है। मतगणना शुरू होने के बाद पहले राउंड का आंकड़ा न जारी करने पर रेलकर्मियों ने गड़बड़ी की आशंका जाहिर करते हुए हंगामा किया और विरोध प्रदर्शन किया।
एनसीआर में पांच यूनियनों की किस्मत दांव पर
उत्तर मध्य रेलवे जोन में किस यूनियन को इस बार मान्यता मिलेगी, इसका फैसला कुछ देर में हो जाएगा। चार से छह दिसंबर तक चली मतदान प्रक्रिया के बाद अब मतगणना शुरू हो गई है। जोन के कुल छह स्थानों पर मतगणना की जा रही है। रेलवे यूनियन मान्यता का चुनाव चार, पांच और छह दिसंबर को हुआ। एनसीआर जोन के 65,734 कर्मचारियों में से 52,802 ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया है। इस तरह से यहां 80.33 फीसदी मतदान हुआ है।
मान्यता के चुनाव में नार्थ सेंट्रल रेलवे इम्प्लाइज संघ, नार्थ सेंट्रल रेलवे मेंस यूनियन, नॉर्थ सेंट्रल रेलवे कर्मचारी संघ, स्वतंत्र रेलवे बहुजन कर्मचारी यूनियन और उत्तर मध्य रेलवे कर्मचारी संघ के बीच मुकाबला है। मतदान प्रक्रिया बैलेट पेपर के माध्यम से हुई है। प्रयागराज मंडल में 76.82 फीसदी, आगरा मंंडल में 82.51 फीसदी और झांसी मंडल में मतदान प्रतिशत 82.77 रहा।
मतगणना प्रयागराज में डीआरएम ऑफिस और एनसीआर मुख्यालय में हो रही है। इसके अलावा झांसी में डीआरएम ऑफिस और वर्कशॉप झांसी, सिथौली कारखाना ग्वालियर और डीआरएम ऑफिस आगरा में भी सुबह आठ बजे से मतगणना शुरू है। बैलेट पेपर से हुए मतदान की वजह से देर शाम तक ही परिणाम आने की संभावना है। चुनाव में कुल वोटों का 30 प्रतिशत या वैध मतों का 35 फीसदी वोट प्राप्त करने वाली यूनियन को मान्यता मिल सकेगी।