कोरोना संक्रमित पूर्व राज्यपाल केशरीनाथ त्रिपाठी गंभीर हालत में एसजीपीजीआई लखनऊ रेफर
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
कोरोना संक्रमित भाजपा के वरिष्ठ नेता तथा पूर्व राज्यपाल पश्चिम बंगाल केशरीनाथ त्रिपाठी को शुक्रवार दोपहर बाद गंभीर हालत में एसजीपीजीआई लखनऊ रेफर किया गया। इससे पहले सुबह उन्हें शूगर लेवल और शरीर में ऑक्सीजन की मात्रा असंतुलित होने के बाद एलथ्री कोविड अस्पताल एसआरएन में भर्ती कराया गया था। वहीं श्री त्रिपाठी के संपर्क में आए कुछ लोगों और उनके परिवारीजनों समेत 15 लोगों की कोविड रिपोर्ट निगेटिव आई है।
पूर्व राज्यपाल केशरीनाथ त्रिपाठी ने हल्का बुखार की शिकायत पर दो दिन पहले कोविड जांच कराई थी। कोविड की ट्रूनॉट जांच में उनकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। वह अपने आवास पर ही थे। बृहस्पतिवार को आरटीपीसीआर जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई। डॉक्टरों की टीम ने उनके स्वास्थ्य का परीक्षण किया तो एसपीओटू समेत अन्य रिपोर्ट सामान्य मिली थीं।
नोडल अधिकारी कोरोना डॉ ऋषि सहाय के मुताबिक पूर्व राज्यपाल केशरीनाथ त्रिपाठी को विशेष एहतियात बरतते हुए शुक्रवार सुबह एसजीपीजीआई भेजने की व्यवस्था की गई थी। इससे पहले सुबह उनके परिजनों ने श्री त्रिपाठी के असहज होने की सूचना दी। उन्हें एसआरएन अस्पताल के कोविड अस्पताल में भर्ती कराया गया गया। डॉक्टरों की टीम ने जांच की तो पाया कि एसपीओटू और शूगर लेवल कम हो गया है। तीन घंटे की मेहनत और दवा-इलाज के बाद उनकी स्थिति सामान्य हो गई। इसके बाद उन्हें एएलआई एंबुलेंस से एजीपीजीआई भेजा गया।
संपर्क में आए लोग हुए क्वारंटीन, परिवारीजनों समेत 15 ने कराई कोविड जांच
कोरोना संक्रमित पूर्व राज्यपाल केशरीनाथ त्रिपाठी के परिवारीजनों, उनके स्टाफ, घर में काम करने वालों समेत 15 लोगों की कोरोना जांच कराई गई है। पूर्व राज्यपाल के पुत्र, पुत्रवधू, मुंशी समेत सभी की रिपोर्ट निगेटिव आई है। वहीं बुधवार को एनसीजेडसीसी में इटावा सेवा निधि के वार्षिक अधिवेशन में पूर्व राज्यपाल के संपर्क में आए कई लोगों ने खुद को क्वारंटीन कर लिया है। छह लोग ऐसे बताए जा रहे हैं, जो उसी दिन शहर छोड़ कर दिल्ली आदि के लिए रवाना हो गए। सभी की रिपोर्ट निगेटिव आई है, लेकिन डॉक्टरों ने सभी कोकोविड प्रोटोकॉल का पालन करने को कहा है।