Prayagraj : होली पर पार्टी के स्टीकर वाली पिचकारी बांटने की शिकायत, कंट्रोल रूम में घनघना रही घंटी
आचार संहिता उल्लंघन समेत चुनाव से संबंधित शिकायतों के लिए निर्वाचन आयोग की ओर से सीविजिल एप लांच किया गया है। इस पर ऑनलाइन शिकायत की जा सकती है। इसके अलावा कलक्ट्रेट के कंट्रोल रूम में भी शिकायत की जा सकती है।
विस्तार
होली पर आचार संहिता के उल्लंघन की भी शिकायतें रहीं। तेलियरगंज में एक पार्टी के स्टीकर वाली पिचकारी बांटने की शिकायत पहुंची हैं। हालांकि जांच में इसकी पुष्टि नहीं हो पाई। आचार संहिता उल्लंघन समेत चुनाव से संबंधित शिकायतों के लिए निर्वाचन आयोग की ओर से सीविजिल एप लांच किया गया है। इस पर ऑनलाइन शिकायत की जा सकती है। इसके अलावा कलक्ट्रेट के कंट्रोल रूम में भी शिकायत की जा सकती है। अभी चुनाव की तारीख दूर है, लेकिन दोनों ही माध्यमों पर शिकायतों का दौर शुरू हो गया है।
इसी क्रम में तेलियरगंज के एक व्यक्ति ने पार्टी के स्टीकर वाली पिचकारी बांटने की शिकायत की थी। सीविजिल एप पर ज्यादातर शिकायतें दीवारों पर नेताओं, दलों से संबंधित संदेश लिखे, पंफलेट चस्पा होने की हैं। इस तरह की 100 से अधिक शिकायतें पहुंची हैं। कंट्रोल रूम में सबसे अधिक शिकायतें मतदाता पहचान पत्र को लेकर हैं। रोजाना 50 से अधिक शिकायतें आ रही हैं। उनके मतदाता पहचान पत्र अभी नहीं पहुंचे हैं। कंट्रोल रूम से ऐसे लोगों को ऑनलाइन पहचान पत्र डाउनलोड करने की प्रक्रिया के बारे में भी बताया जा रहा है।
सीविजिल एप पर 100 मिनट में कार्रवाई का दावा
सीविजिल एप पर शिकायत पर 100 मिनट के भीतर कार्रवाई का दावा किया जा रहा है। यह एप कंट्रोल रूम से जुड़ा है। इसके अलावा आरओ, उड़नदस्ता, निगरानी दल के सदस्य भी इससे जुड़े हैं। उप जिला निर्वाचन अधिकारी पूजा मिश्रा ने बताया कि शिकायत सही पाए जाने पर सूचना निर्वाचन आयोग के राष्ट्रीय पोर्टल पर भेजी जाती है। उन्होंने बताया कि प्ले स्टोर या अन्य एप स्टोर से सीविजिल एप डाउनलोड किया जा सकता है।
मतदान कार्मिकों को भेजी जा रही सूचना, लगी टीमें
चुनाव में करीब 26 हजार मतदानकर्मियों की जरूरत होगी। इनकी ड्यूटी भी लगने लगी है। साथ ही इस बाबत उन्हें सूचना भेजी जा रही है। मतदानकर्मियों को सूचना भेजने के लिए अलग टीमें बनाई गई हैं। टीम में शामिल 20 से अधिक शिक्षकों को विधानसभावार जिम्मेदारी सौंपी गई है। बुधवार को कंट्रोल रूम से उन्होंने मतदान कर्मियों को चुनावी ड्यूटी से सूचनाएं भेजीं।
निर्वाचन व्यय, भ्रष्टाचार की शिकायतों के लिए खुला कंट्रोल रूम
निर्वाचन व्यव तथा भ्रष्ट आचरण से संबंधित शिकायतों के लिए अलग कंट्रोल रूम और काल सेंटर सक्रिय हो गया है। कंट्रोल रूम एवं काल सेंटर कलेक्ट्रेट स्थित काेषागार में खोला गया है। इसके टेलीफोन नंबर 0532-2990390, 0532-2990391 तथा 0532-2990392 पर किसी दल या प्रत्याशी की ओर से किए जा रहे निर्वाचन व्यय की शिकायत की जा सकती है।
मतदाता जागरूकता अभियान पर भी जोर
चुनाव की तारीख नजदीक आने के साथ मतदाता जागरूकता कार्यक्रम तेज करने की योजना बनाई गई है। सीडीओ गौरव कुमार ने बुधवार को बैठक में आयोजनों की समीक्षा कर जरूरी निर्देश दिए।