कोरोना को हराने के लिए अब करने होंगे सामूहिक प्रयास: डीएम
मंझनपुर। जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने सोमवार को कोविड-19 अस्पतालों का निरीक्षण किया। इसके बाद कंट्रोल रूम का भी निरीक्षण किया। शिकायतों के निस्तारण का निर्देश दिया।
डीएम सबसे पहले कोविड-19 के एल वन (प्राथमिक स्वास्थ केंद्र) मंझनपुर पहुंचे। उन्होंने कहा कि अस्पताल में भर्ती मरीजों के खाने-पानी के अलावा दवाओं का पर्याप्त इंतजाम रखा जाए। इन दिनों मरीजों की संख्या बढ़ी है। इसलिए सभी को महामारी से बचाव के लिए सामूहिक प्रयास करने होंगे। अस्पताल के स्टाफ से कहा कि वह मरीजों के सेहत की देखभाल के साथ ही अपनी हिफाजत का भी ख्याल रखें। जिला अस्पताल के निरीक्षण के दौरान उन्होंने मरीजों के लिए कराए जाने वाले कोविड टेस्ट में तेजी लाने का निर्देश दिया। कहा कि अस्पताल में भर्ती मरीजों की बराबर देखभाल की जाए।ताकिए मरीजों को किसी तरह की असुविधा नहीं होने पाए। अस्पताल में मरीजों के लिए पर्याप्त ऑक्सीजन व वेंटिलेटर की व्यवस्था रखी जाए। कंट्रोल रूम के निरीक्षण के दौरान डीएम ने कहा कि यहां आने वाली सभी तरह की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए उसका तत्काल निस्तारण किया जाए। निरीक्षण के दौरान एडीएम मनोज, सीएमओ, सीएमएस डॉ. दीपक सेठ, कंट्रोल रूम प्रभारी्, एसडीएम विनय कुमार गुप्ता आदि मौजूद रहे।