Prayagraj : यूपी के पहले फ्लोटिंग रेस्टोरेंट का सीएम ने किया उद्घाटन, व्यंजनों का चखा स्वाद
पर्यटन विभाग की महत्वाकांक्षी परियोजनाओं में महाकुंभ से पहले शहर को फ्लोटिंग रेस्टोरेंट की सौगात देना था। इसके लिए पर्यटन विभाग की तरफ से लंबे समय से तैयारी चल रही थी। बुधवार को प्रयागराज पहुंचने के बाद मुख्यमंत्री ने धार्मिक स्थलों पर पूजन किया।
विस्तार
यमुना की लहरों पर स्वाद के शौकीनों के लिए हिलोरे खाते रेस्टोरेंट की सौगात बुधवार को मिल गई। संगम नगरी पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने यमुना बैंक रोड पर पर्यटन विभाग की तरफ से तैयार कराए गए फ्लोटिंग रेस्टोरेंट का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने कुछ बोट को हरी झंडी भी दिखाई। इसके साथ ही शहरियों को प्रदेश का पहला फ्लोटिंग रेस्टोरेंट की सौगात मिल गई। नए साल के दिन फ्लोटिंग रेस्टोरेंट पर बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना है।
पर्यटन विभाग की महत्वाकांक्षी परियोजनाओं में महाकुंभ से पहले शहर को फ्लोटिंग रेस्टोरेंट की सौगात देना था। इसके लिए पर्यटन विभाग की तरफ से लंबे समय से तैयारी चल रही थी। बुधवार को प्रयागराज पहुंचने के बाद मुख्यमंत्री ने धार्मिक स्थलों पर पूजन किया। इसके बाद उनका काफिला यमुना बैंक रोड स्थित बोट क्लब पहुंचा। इसके पास पर्यटन विभाग की तरफ से तैयार कराए गए फ्लोटिंग रेस्टोरेंट का सीएम ने उद्घाटन किया। इस दौरान उनके साथ मंत्री जितिन प्रसाद, स्वतंत्रदेव सिंह, नंद गोपाल गुप्ता नंदी, महापौर गणेश केसरवानी, भाजपा नेता विजय द्विवेदी, प्रमुख सचिव पर्यटन मुकेश मेश्राम समेत अन्य लोग मौजूद रहे।
उद्घाटन के बाद मुख्यमंत्री ने रेस्टोरेंट की विशेषता के बारे में जानकारी लेने के साथ ही वहां पर मंत्रियों और अधिकारियों के साथ बैठकर पकवान का लुत्फ भी उठाया। रेस्टोरेंट में मुख्यमंत्री के लिए विशेष रूप से तैयार डोकला, मिठाई समेत अन्य कई पकवान परोसे गए। इस दौरान अधिकारियों ने बताया कि रेस्टोरेंट की लंबाई 51 मीटर है ओर उसमें एक साथ 45 लोग बैठकर स्वाद का लुत्फ उठा सकते हैं। इसकी खूबसूरती बढ़ाने के लिए विशेष प्रकार की प्रकाश सज्जा की गई है, जो लोगों का ध्यान अपनी ओर आकर्षित करेगी।
रेस्टोरेंट में विभिन्न प्रकार के व्यंजन तैयार करने के लिए विशेष रूप से आधुनिक इंडक्शन स्टोव लगाया गया है। इसको तैयार करने में पांच करोड़ का खर्च आया है। इसको मुंबई की लिटमस कंपनी ने तैयार किया है। इसमें लोगों के लिए प्री वेडिंग शूट की भी व्यवस्था की गई है। 204 वर्गमीटर एरिया वाले रेस्टोरेंट में उन्नतशील अग्निशमन यंत्र भी लगाया गया है। अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को बताया कि रेस्टोरेंट के लिए शेफ की नियुक्ति की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है।