Prayagraj : सिविल लाइंस रोडवेज बस अड्डा 50 दिन बाद खुला, बसों का आवागमन हुआ शुरू
महाकुंभ बीतने के बाद करीब 50 दिन बाद सिविल लाइंस रोडवेज बस अड्डे को खोला दिया गया है। शुक्रवार से अब यहीं से बसों का आावागमन शुरू हो गया है।
विस्तार
महाकुंभ बीतने के बाद करीब 50 दिन बाद सिविल लाइंस रोडवेज बस अड्डे को खोला दिया गया है। शुक्रवार से अब यहीं से बसों का आावागमन शुरू हो गया है। भीड़ के चलते सभी बस अड्डे को शहर के बाहर अस्थायी बस स्टैंड में शिफ्ट कर दिया गया था। वाराणसी, जौनपुर, गोरखपुर, मऊ, दोहरीघाट, गाजीपुर, आजमगढ़ सहित इस रूट की सभी बसों को झूंसी स्थिति अस्थायी बस स्टैंड पर शिफ्ट कर दिया गया था।
बसों का संचालन अंदावा से किया जा रहा था। यहां से शटल बसों के माध्यम से श्रद्धालुओं को मेला क्षेत्र तक लाया जाता था। इसी तरह जीरो रोड बस अड्डे से संचालित होने वाली चित्रकूट, बांदा, हमीरपुर, ललितपुर, सोनभद्र आदि रूट की बसों को नैनी से और कानपुर, फतेहपुर, कौशांबी की बसों को नेहरू पार्क धूमनगंज, लखनऊ, प्रतापगढ़, रायबरेली, सीतापुर, लखीमपुर खीरी, सुल्तानपुर आदि रूट की बसों का संचालन फाफामऊ और मलाका से संचालित किया जाता था।
महाकुंभ मेला संपन्न होने के बाद यूपी रोडवेज का सिविल लाइंस और जीरोरोड बस स्टेशन शुक्रवार को बसों की आवाजाही के लिए खोल दिया गया। महाकुंभ की वजह से 12 जनवरी को ही यह दोनों बस स्टेशन बंद कर दिए गए थे। इस दौरान नेहरू पार्क समेत शहर के बाहर बनाए गए अस्थायी बस स्टेशनों से ही बसों का संचालन होता रहा। फिलहाल 47 दिन बाद दोनों बस स्टेशन खुलने से यात्रियों को बड़ी राहत मिली।
दरअसल महाकुंभ की वजह से शहर में ट्रैफिक व्यवस्था दुरुस्त रखने के लिए यूपी रोडवेज द्वारा शहर से चलने वाली बसें अस्थायी बस स्टेशनों पर रूटवार शिफ्ट की गईं थी। बेला कछार से लखनऊ, अयोध्या मार्ग, नेहरू पार्क से कानपुर, आगरा, दिल्ली मार्ग, झूंसी, दुर्जनपुर से जौनपुर-गोरखपुर, सरस्वती द्वार से गोपीगंज, वाराणसी, लेप्रोसी नैनी से रीवा, चित्रकूट, बांदा एवं सरस्वती हाइटेक सिटी में बनाए गए अस्थायी बस स्टेशन से विंध्याचल, मिर्जापुर मार्ग के लिए बसों का संचालन होता रहा।
12 जनवरी से 27 फरवरी तक इन्हीं अस्थायी बस स्टेशन पर बसों का संचालन होने के बाद शुक्रवार 28 फरवरी से बसों का आवागमन एक बार फिर से सिविल लाइंस एवं जीरोरोड बस स्टेशन से शुरू हो गया। सिविल लाइंस से गोरखपुर, वाराणसी, जौनपुर, अयोध्या, लखनऊ, दिल्ली, कानपुर, आगरा, बरेली की ओर एवं जीरोरोड बस स्टेशन से मिर्जापुर, बांदा, चित्रकूट, रीवा रूट के लिए पहले की तरह यात्रियों को बसें मिलनी शुरू हो गई। दैनिक यात्री पुनीत शुक्ला, देवेंद्र सिंह ने बताया कि अस्थायी बस स्टेशन पर बसों का संचालन होने से उन्हें दिक्कत हो रही थी। क्षेत्रीय प्रबंधक एमके त्रिवेदी ने बताया कि शुक्रवार से बसों का संचालन स्थायी बस स्टेशनों से शुरू कर दिया गया है।