Prayagraj : कार्यक्षेत्र के पास लगाई जाएगी जनगणना कर्मियों की ड्यूटी, 30 अप्रैल से पहले पूरा होगा प्रशिक्षण
जगनणना-2027 के लिए तैनात किए जाने वाले कर्मचारियों की ड्यूटी उनके कार्यक्षेत्र के पास ही लगाई जाएगी। यह निर्देश डीएम ने बृहस्पतिवार के जिलास्तरीय जनगणना समिति की बैठक में दिए।
विस्तार
जगनणना-2027 के लिए तैनात किए जाने वाले कर्मचारियों की ड्यूटी उनके कार्यक्षेत्र के पास ही लगाई जाएगी। यह निर्देश डीएम ने बृहस्पतिवार के जिलास्तरीय जनगणना समिति की बैठक में दिए। डीएम ने बताया कि यह देश की पहली ऐसी जनगणना होगी जिसमें जनगणना आंकड़ों का संग्रहण डिजिटल उपकरणों/माध्यमों से किया जाएगा। प्रगणकों द्वारा विशिष्ट मोबाइल एप्लीकेशन का प्रयोग करते हुए परिवारों से जुड़े आंकड़ों का संग्रहण स्मार्टफोन पर किया जाएगा।
इसके साथ ही परिवारों को एक निर्दिष्ट वेब पोर्टल के माध्यम से स्व-गणना का विकल्प भी उपलब्ध कराया जाएगा। जनगणना के लिए प्रयागराज में 17 हजार प्रगणक व सुपरवाइजर तैनात किए जाएंगे। सभी प्रगणकों का प्रशिक्षण 30 अप्रैल के पूर्व करा लिया जाए। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनगणना कार्य अत्यंत महत्वपूर्ण और संवेदनशील है। सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ अपेक्षित तैयारियां समयबद्ध ढंग से पूरी करें।
डीएम ने बताया कि जनगणना के प्रथम चरण में मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना के समय प्रगणक मुख्य रूप से मकानों की स्थिति, परिवारों को उपलब्ध सुविधाओं एवं परिसंपत्तियों से संबंधित आंकड़े एकत्र करेंगे। जनगणना-2027 के लिए आधिकारिक रूप से नियुक्त व्यक्ति के अतिरिक्त किसी भी अनधिकृत व्यक्ति से किसी भी तरह व्यक्तिगत जानकारी साझा न करें।
जिलाधिकारी ने नागरिकों से अपील की है कि जनगणना कर्मियों को सहयोग प्रदान करें। जनगणना के लिए स्वगणना की सुविधा भी इस बार प्रदान की गई है। निर्धारित पोर्टल पर आम व्यक्ति अपनी और परिवार की सूचना भारत सरकार द्वारा निर्धारित प्रश्नों का उत्तर भरकर अपलोड कर सकते हैं। उससे जो आईडी प्राप्त होगी, उस आईडी को प्रगणक को दिखाना होगा। बैठक में नगर आयुक्त सांई तेजा, एडीएम वित्त एवं राजस्व विनीता सिंह, डीपीआरओ रवि शंकर द्विवेदी आदि मौजूद रहे।