CBSE Class 12 Result: प्रयागराज रीजन इस बार फिर फिसड्डी, 78.5 उत्तीर्ण प्रतिशत के साथ सबसे निचले पायदान पर
कोरोना के बाद प्रयागराज रीजन के सीबीएसई के परिणाम में पहली बार इतनी कमी दर्ज की गई। जारी नतीजों पर गौर करें, तो पिछले वर्ष प्रयागराज रीजन में बारहवीं की बोर्ड परीक्षा में 83.96 प्रतिशत विद्यार्थियों को सफलता मिली थी। इस बार यह घटकर 78.71 फीसदी ही रह गया। यानी परीक्षा परिणाम में 5.25 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई।
विस्तार
केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड ने शुक्रवार को दसवीं और बारहवीं के परीक्षा परिणाम जारी कर दिए। प्रयागराज रीजन के अंतर्गत आने वाले 48 जिलों के परीक्षा परिणाम में प्रयागराज रीजन का परिणाम पिछले साल के मुकाबले काफी कम रहा। देश के सभी 16 रीजन में प्रयागराज का परिणाम बेहद कम रहा। रीजन में सीबीएसई-2023 के बोर्ड परिणाम पर नजर डालें, तो पिछले साल के मुकाबले बारहवीं के परिणाम में 5.25 और दसवीं के परिणाम में 2.85 प्रतिशत कमी दर्ज की गई।
कोरोना के बाद प्रयागराज रीजन के सीबीएसई के परिणाम में पहली बार इतनी कमी दर्ज की गई। जारी नतीजों पर गौर करें, तो पिछले वर्ष प्रयागराज रीजन में बारहवीं की बोर्ड परीक्षा में 83.96 प्रतिशत विद्यार्थियों को सफलता मिली थी। इस बार यह घटकर 78.71 फीसदी ही रह गया। यानी परीक्षा परिणाम में 5.25 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई।
इसी प्रकार दसवीं में इस बार प्रयागराज रीजन का परिणाम 92.55 प्रतिशत रहा। जबकि पिछले साल बारहवीं में प्रयागराज रीजन में 95.40 प्रतिशत विद्यार्थी सफल रहे। इस हिसाब से इस बार के परीक्षा परिणाम में 2.85 प्रतिशत कमी आयी।पिछले साल रीजन में बारहवीं की बोर्ड परीक्षा में 81.46 फीसदी छात्रों को सफलता मिली थी। वहीं बोर्ड परीक्षा में छात्राओं की सफलता का प्रतिशत 87.93 रहा। इस बार इंटर में छात्रों की सफलता का प्रतिशत 75.29 और छात्राओं का 83.95 रहा। दसवीं के परिणाम में पिछले साल रीजन में छात्राओं का परिणाम 95.90 और छात्रों का परिणाम 95 प्रतिशत रहा। इस बार छात्राओं की सफलता का प्रतिशत 94.1 और छात्रों का 91.1 प्रतिशत रहा।
महर्षि अरविंद विद्या निकेतन
गुनई गहरपुर के महर्षि अरविंद विद्या निकेतन में 12वीं की परीक्षा में गरिमा मौर्या, श्वेता कुशवाहा, तनु खत्री ने सभी विषयों में विशेष योग्यता का प्रदर्शन किया है। 10वीं की परीक्षा में प्रिया कशुवाहा, काजल यादव, यश कुमार केशरी, दिव्यभान, देवांश कृष्ण आदि बच्चों का प्रदर्शन सर्वश्रेष्ठ रहा। स्कूल के प्रबंधक गोविंद श्रीवास्तव और प्रधानाचार्य आंजनेय श्रीवास्तव ने मेधावी विद्यार्थियों को मिठाई खिलाकर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
नवोदय विद्यालय में मंगल को मिले 94.83 फीसदी अंक
सीबीएसई बारहवीं की परीक्षा में जवाहर नवोदय विद्यालय मेजा खास के 12वीं के छात्र मंगल सिंह ठाकरे ने 94.83 फीसदी अंक हासिल कर स्कूल का टॉप किया। मंगल सिंह नियमित पांच से छह घंटे पढ़ाई करता था। वह आईएस बनना चाहते हैं। विकास कुशवाहा 93.5 फीसदी अंक प्राप्त कर द्वितीय स्थान पर रहे। इशिका जागीर को 93.33, सरताज अहमद को 93, अनु चौरसिया को 93, अल्पेश को 92.8 फीसदी अंक मिले। स्कूल की प्राचार्या सुधा सेठी, उप प्राचार्य आरके पांडेय ने छात्रों को शुभकामनाएं दीं।
निहारिका मिश्रा को मिले 93.4 फीसदी अंक
सीबीएसई 12वीं की परीक्षा में मेजा के बरी गांव की बेटी निहारिका मिश्रा ने 93.4 फीसदी अंक हासिल माता-पिता का नाम रोशन किया है। निहारिका शहर के सिविल लाइंस इलाके के बाल भारती स्कूल की छात्रा हैं। वह आगे क्लैट की तैयारी कर अच्छी वकील बनना चाहती हैं। निहारिका अच्छा अंक हासिल करने का श्रेय अपने माता-पिता को देती हैं।