Prayagraj : बाहुबली विजय मिश्र के भतीजे पर केस दर्ज, मुकदमा वापस न लेने पर युवक को धमकाया
अंकित पुत्र मनोज यादव फतेहपुर बिछुआ, टैगोर टाउन का निवासी है। उसने बताया कि मार्च 2021 में उसकी बहन ने सतीश उसकी पत्नी वैशाली व बेटे ऋषभ निवासी अल्लापुर पर जार्जटाउन थाने में मारपीट, गालीगलौज, धमकी देने के आरोप में मुकदमा लिखाया।
विस्तार
बाहुबली पूर्व विधायक विजय मिश्र के भतीजे सतीश उर्फ पप्पू मिश्रा पर जार्जटाउन थाने में एक और मुकदमा दर्ज हुआ है। यहां रहने वाले अंकित यादव का आरोप है कि पूर्व में दर्ज एक मुकदमे की पैरवी करने से नाराज पप्पू मिश्रा ने उसे राह चलते रोककर परिवार समेत जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने उसकी तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया है।
अंकित पुत्र मनोज यादव फतेहपुर बिछुआ, टैगोर टाउन का निवासी है। उसने बताया कि मार्च 2021 में उसकी बहन ने सतीश उसकी पत्नी वैशाली व बेटे ऋषभ निवासी अल्लापुर पर जार्जटाउन थाने में मारपीट, गालीगलौज, धमकी देने के आरोप में मुकदमा लिखाया जिसमें सतीश जेल भेजा गया था। कुछ दिनों पहले ही वह जमानत पर बाहर आया है। 13 जून को शाम चार बजे वह अपनी बहन के साथ सीपी शर्मा कोचिंग चौराहे के पास एटीएम से पैसे निकालने गया था। पैसा निकालने के बाद बहन चली गई।
तभी अचानक काले रंग की थार गाड़ी आकर रुकी। इसमें सतीश व ऋषभ थे। वह भागा तो उन्होंने उसका पीछा किया। गालीगलौज करते हुए कहा कि अपनी बहन से बोल दो कि मुकदमे की पैरवी छोड़ दे वरना अंजाम बुरा होगा। दोनों उसका पीछा करते हुए बीकानेर स्वीट हाउस तक आए। इस पर जान बचाने के लिए वह गली में घुस गया जिसके बाद आरोपी चले गए। एसीपी कर्नलगंज राजेश यादव ने बताया कि गालीगलौज व धमकी देने के आरोप में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जांच पड़ताल की जा रही है।
ऑडियो भी हुआ था वायरल
जिस मुकदमे को लेकर बाहुबली के भतीजे पर धमकी देने का आरोप लगा है, वह दो साल पहले का है। मुकदमा दर्ज कराने वाले अंकित के पिता मनोज यादव ने आरोप लगाया था कि सतीश से उसने रुपये उधार लिए थे। जिसे ब्याज समेत अदा कर दिया। इसके बावजूद और रुपयों की मांग की गई। यही नहीं अपने घर पर मजदूरी करने व घर अपने नाम करने का दबाव बना रहा था। गालीगलौज व धमकी का एक ऑडियो भी पीड़ित परिवार ने वायरल किया था। इस मामले में जार्जटाउन पुलिस की ओर से आरोपी सतीश पर मुकदमा दर्ज किया गया था।