चौकी में बंद कर पीटने का मामला : पीड़ित छात्र के साथ आरोपी दरोगाओं का होगा बयान
बीए थर्ड ईयर के छात्र सर्वेश की पिटाई की घटना शनिवार को हुई थी। इस मामले में विवि चौकी प्रभारी हर्षवीर सिंह और नाका चौकी प्रभारी सोहराब आलम को निलंबित कर दिया गया था। सूत्रों का कहना है कि निलंबन के साथ ही दोनों दरोगाओं के खिलाफ विभागीय जांच के भी आदेश दिए गए हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
कर्नलगंज में इलाहाबाद विश्वविद्यालय के छात्र सर्वेश यादव को पुलिस चौकी में बंद कर पीटने के मामले की जांच जल्द शुरू होगी। इसके तहत दोनों आरोपी दरोगाओं के भी बयान दर्ज किए जाएंगे। इसके साथ ही उन पुलिसकर्मियों के भी बयान दर्ज होंगे, जिनकी घटना के वक्त चौकी पर ड्यूटी थी। जांच रिपोर्ट के आधार पर ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
बीए थर्ड ईयर के छात्र सर्वेश की पिटाई की घटना शनिवार को हुई थी। इस मामले में विवि चौकी प्रभारी हर्षवीर सिंह और नाका चौकी प्रभारी सोहराब आलम को निलंबित कर दिया गया था। सूत्रों का कहना है कि निलंबन के साथ ही दोनों दरोगाओं के खिलाफ विभागीय जांच के भी आदेश दिए गए हैं।
जांच के क्रम में दोनों दरोगाओं के बयान दर्ज किए जाएंगे। इसके साथ ही उन पुलिसकर्मियों से भी पूछताछ की जाएगी, जो घटना के वक्त विवि चौकी पर ड्यूटी के दौरान मौजूद थे। इसके अलावा जांच अधिकारी की ओर से पीड़ित छात्र से भी घटना के बाबत पूछताछ की जाएगी। साथ ही उसका बयान दर्ज किया जाएगा। सूत्रों का यह भी कहना है कि नोटिस दर्ज कर दोनों आरोपी दरोगाओं को पूछताछ के लिए बुलाया जाएगा। इसी दौरान उनका बयान दर्ज किया जाएगा।
सोशल मीडिया पर उबाल
उधर, छात्र को चौकी में बंद कर पीटे जाने की घटना सोशल मीडिया पर भी चर्चा का विषय बनी रही। तमाम यूजर ने घटना की आलोचना की और मीडिया में आई खबरों के स्क्रीनशॉट ट्वीट करते हुए इसे पुलिस और अफसरों को टैग भी किया। जिस पर प्रयागराज पुलिस के ट्विटर हैंडल से जवाब दिया गया कि मामले में आरोपी दोनों दरोगाओं को निलंबित कर विभागीय जांच के आदेश दे दिए गए हैं।
डेलीगेसी छोड़ हॉस्टल में गुजारी रात
घटना से खौफजदा पीड़ित छात्र ने शनिवार रात हॉस्टल में दोस्तों के कमरे में रात गुजारी। वह रात भर दर्द से कराहता रहा। उसके साथियों ने बताया कि उसे अस्पताल ले जाया गया था। जहां उसे दर्द निवारक दवाएं दी गई थीं। लेकिन इसका बहुत फायदा नहीं हुआ। साथियों का कहना है कि अभी जख्म भरने में समय लगेगा। उधर पीड़ित छात्र से घटना के दूसरे दिन पुलिस की ओर से संपर्क नहीं किया गया।
विनय विवि, मनीष नाका चौकी प्रभारी
छात्र की पिटाई मामले में दो दरोगाओं के निलंबन से खाली हुईं दो चौकियों पर देर रात नई तैनाती कर दी गई। विनय कुमार सिंह को विवि और मनीष कुमार सिंह को नाका चौकी प्रभारी बनाया गया है। विपिन कुमार पाल को एग्रीकल्चर चौकी प्रभारी बनाया गया है।