दाखिला : नहीं मिल रहे अभ्यर्थी, सभी के लिए खुली दाखिले की खिड़की, ईश्वर शरण में बिना कटऑफ हो रहा प्रवेश
ईश्वर शरण डिग्री कॉलेज में पिछले साल बीए में प्रतिदिन 400 से 450 दाखिते होते थे, लेकिन सत्र 2023-24 में प्रतिदिन 100 दाखिले भी नहीं हो पा रहे हैं। इविवि में 29 सितंबर से स्नातक के पाठ्यक्रमों में प्रवेश बंद कर दिए गए हैं।
विस्तार
इलाहाबाद विश्वविद्यालय (इविवि) के संघटक महाविद्यालय ईश्वर शरण डिग्री कॉलेज में बीए और बीएसी में सभी के लिए दाखिले की खिड़की खोल दी गई है। इविवि में स्नातक प्रवेश बंद होने के बावजूद कॉलेजों में अभ्यर्थी प्रवेश के लिए नहीं पहुंच रहे हैं। ऐसे में ईश्वर शरण डिग्री कॉलेज को अब बिना कटऑफ के प्रवेश लेना पड़ रहा है।
ईश्वर शरण डिग्री कॉलेज में पिछले साल बीए में प्रतिदिन 400 से 450 दाखिते होते थे, लेकिन सत्र 2023-24 में प्रतिदिन 100 दाखिले भी नहीं हो पा रहे हैं। इविवि में 29 सितंबर से स्नातक के पाठ्यक्रमों में प्रवेश बंद कर दिए गए हैं। इसके बावजूद कॉलेजों में प्रवेश की गति नहीं बढ़ रही। केवल बीकॉम और बीएएलएलबी में भी प्रवेश के लिए स्पर्धा है। कमोवेश यही स्थिति अन्य कॉलेजों की है।
यही वजह है कि बीए, बीएससी मैथ्स और बीएससी बायो में अनारक्षित, ओबीसी, ईडब्ल्यूएस, एससी, एसटी वर्ग के सभी अभ्यर्थियों को ऑनलाइन काउंसलिंग में शामिल होने की अनुमति दी गई है। कॉलेज के पीआरओ डॉ.मनोज कुमार दुबे के अनुसार महाविद्यालय में बीकॉम और बीएएलएलबी की सीटें तो भर चुकीं हैं, लेकिन बीए एवं बीएससी की 30 से 40 फीसदी सीटें अब तक खाली हैं।
वहीं, इविवि में स्नातक की प्रवेश प्रक्रिया बंद दी गई है, लेकिन प्रोफेशनल पाठ्यक्रमों में दाखिले हो रहे हैं। इसी क्रम में पांच वर्षीय बीसीए एवं एमसीए (डाटा साइंस) में प्रवेश के लिए नया कटऑफ जारी किया गया है। इसके अनुसार ओबीसी वर्ग में 250 या अधिक अंक, ईडब्ल्यूएस में 259 या अधिक अंक पाने वाले और कर्मचारी/शिक्षक पाल्य कोटा के सभी अभ्यर्थी एक अक्तूबर से शुरू हो रही ऑनलाइन काउंसलिंग में शामिल हो सकते हैं।
इविवि में बीए की 83 फीसदी सीटें भरीं
इलाहाबाद विश्वविद्यालय (इविवि) में स्नातक प्रवेश की प्रक्रिया थमने तक बीए की 83 फीसदी सीटें भर गई हैं। बीए की 4615 सीटों के लिए 4653 अभ्यर्थियों ने ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कराएं। इनमें से 4052 अभ्यर्थियों ने अभिलेख सत्यापन कराया और 4001 अभ्यर्थियों के अभिलेख सही पाए गए। जिन अभ्यर्थियों के अभिलेख सही पाए गए, उनमें से 3830 अभ्यर्थियों (83 फीसदी) ने फीस जमा करते हुए दाखिले की प्रक्रिया पूरी कर ली है। वहीं, बीएएलएलबी में 150 सीटों के मुकाबले 124 अभ्यर्थियों, बीकॉम में 723 सीटों के मुकाबले 722 अभ्यर्थियों, बीएससी मैथ्स में 732 सीटों के मुकाबले 720 अभ्यर्थियों और बीएससी बायो में 367 सीटों के मुकाबले 346 अभ्यर्थियों को सीटें आवंटित की जा चुकी हैं।
मुक्त विवि में अब 20 अक्तूबर तक प्रवेश
उत्तर प्रदेश राजर्षि टंडन मुक्त विश्वविद्यालय, प्रयागराज के सत्र जुलाई 2023-24 के प्रवेश की अंतिम तिथि 20 अक्तूबर तक बढ़ा दी गई है। कुलसचिव कर्नल विनय कुमार के अनुसार विश्वविद्यालय अनुदान आयोग के दूरस्थ शिक्षा ब्यूरो ने जुलाई सत्र की प्रवेश तिथि 30 सितंबर से बढ़ाकर 20 अक्तूबर तक कर दी है। कुलपति प्रो.सीमा सिंह का कहना है कि प्रवेश तिथि बढ़ने से विश्वविद्यालय की छात्र संख्या में आशातीत वृद्धि होगी। प्रवेश प्रभारी प्रोफेसर जेपी यादव ने बताया कि जुलाई सत्र में प्रवेश की शनिवार को अंतिम तिथि होने से विश्वविद्यालय के सर्वर पर काफी दबाव बना रहा। प्रवेश की अंतिम तिथि बढ़ने से प्रवेशार्थियों को मौका मिला है।