Prayagraj :बरामदे में सो रही वृद्धा की मुंह दबाकर हत्या, नातिन कमरे में थी
मेजा इलाके के बबुरा गांव में कस्तूरा देवी (62) की मुंह दबाकर हत्या कर दी गई। रविवार तड़के बरामदे में चारपाई पर वृद्धा का तितर-बितर कपड़ा, शरीर पर चोट के निशान और जीभ संघर्ष का इशारा कर रहा था। जबकि, नातिन कमरे में सो रही थी।
विस्तार
मेजा इलाके के बबुरा गांव में कस्तूरा देवी (62) की मुंह दबाकर हत्या कर दी गई। रविवार तड़के बरामदे में चारपाई पर वृद्धा का तितर-बितर कपड़ा, शरीर पर चोट के निशान और जीभ संघर्ष का इशारा कर रहा था। जबकि, नातिन कमरे में सो रही थी।
रविवार अलसुबह खेत की ओर जा रही एक पड़ोसी महिला ने कस्तूरा देवी को आवाज दी, लेकिन कोई प्रतिक्रिया न मिलने पर वह बरामदे में गई। वहां वृद्धा को मृत देखा तो उसने शोर मचाया। इस बीच घर के अंदर सो रही मृतका की नातिन राधा (15) बाहर आई।
मृतका बरामदे में मच्छरदानी लगाकर सोई थीं। घटनास्थल पर मच्छरदानी का एक डंडा टूटा मिला। हाथों में कलाई से ऊपर तक चोट के निशान और बायां हाथ ऐंठकर सीने की ओर मुड़ा था। घटना के बाद मृतका के शरीर से चांदी के दो कड़े, पायल, करधनी, सोने का लॉकेट और झाला गायब पाए गए हैं। सूचना पर प्रभारी निरीक्षक माधव प्रसाद त्रिपाठी, दिघिया चौकी प्रभारी विक्की गुप्ता, भारतगंज चौकी प्रभारी सुभाष सिंह तथा फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची।
दूसरी ओर, घटना की सूचना मिलते ही ससुराल से बेटियां उषा देवी और रेनू देवी अपने मायके पहुंचीं। दोनों बहनें कहती रहीं कि दस माह पहले पिता और अब मां की मौत से उनका मायका उजड़ गया। उन्होंने डॉग स्कवाड से जांच कराने और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। बड़ी बेटी उषा देवी की तहरीर पर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
आठ वर्ष से ननिहाल में रहती है राधा
मृतका अपनी बड़ी बेटी उषा पत्नी श्यामधर निवासी साड़ी थाना मांडा की पुत्री राधा के साथ रहती थीं। राधा पिछले लगभग आठ वर्षों से नानी की देखभाल के लिए रहती थी और बरहा कला स्थित राजाराम इंटर कॉलेज में कक्षा 10 की छात्रा है। उसने पुलिस को बताया कि शनिवार रात करीब 10 बजे भोजन के बाद वह कमरे में सो गई थी और उसे रात्रि में कोई आहट या आवाज नहीं सुनाई दी। बताया कि वह कम सुनती है। पुलिस ने राधा का मोबाइल फोन कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। नातिन के बयान और मोबाइल कॉल डाटा रिकॉर्ड में भिन्नता पाई गई।
नाती को 12 बिस्वा जमीन देने की हसरत रह गई अधूरी
कस्तूरा देवी के पति उमाशंकर बिंद 2013 में रेल विभाग में ग्रुप-डी से सेवानिवृत्त हुए थे। करीब दस माह पहले उनकी मौत हो चुकी है। दामाद अजय बिंद के मुताबिक, एक वर्ष पहले रात में पड़ोस के कुछ लोगों ने उमाशंकर के साथ मारपीट की थी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए थे। घटना के दो माह बाद मई 2025 में उनकी मृत्यु हो गई थी।
परिवार में तीन बेटियां थीं। दूसरे नंबर की बेटी रेखा की शादी मरगुड़ा थाना विंध्याचल, मिर्जापुर निवासी रामखेलावन से हुई थी, जिसकी सात वर्ष पहले बीमारी से मौत हो गई थी। उसके दो बच्चे रचना और आकाश हैं। तीसरी बेटी रेनू की शादी चरेडू चौकठा थाना जिगिना, मिर्जापुर निवासी अजय बिंद से हुई है। बड़ी बेटी उषा हैं।
परिजनों के अनुसार, कस्तूरा देवी के पास 32 बिस्वा जमीन थी। पति की मौत के बाद उन्होंने 10-10 बिस्वा जमीन बेटी उषा और रेनू के नाम बैनामा कर दी थी, जबकि 12 बिस्वा जमीन अपने पास रखी थी। वह इसे अपनी मृत बेटी रेखा के नाबालिग बेटे के नाम करना चाहती थीं, लेकिन यह संभव नहीं हो सका।
करीब 10 वर्ष पहले विंध्याचल थाना क्षेत्र के खमरिया गांव निवासी मृतका का भांजा नायब बिंद मामा-मामी के साथ रहता था। उसकी शादी भी मृतका के पति उमाशंकर ने अपने घर से कराई थी। बाद में पत्नी की बीमारी को लेकर विवाद हुआ और वह घर छोड़कर चला गया था।
नातिन आठ साल से साथ, मोबाइल और खरोंच की जांच
नातिन राधा करीब आठ वर्षों से नानी के साथ रहकर उनकी सेवा कर रही थी। घटना की रात वह कमरे के अंदर सो रही थी और सुबह शोर सुनकर बाहर आई। उसने बताया कि उसे रात में कोई आवाज नहीं सुनाई दी। पुलिस ने उसका मोबाइल फोन कब्जे में लेकर इंस्टाग्राम व व्हाट्सएप कॉल डिटेल खंगालना शुरू कर दिया है।
सूत्रों के अनुसार, जांच में देर रात तक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर वॉयस कॉल का डेटा मिला है। वहीं चेहरे और गर्दन पर हल्की खरोंच मिलने से पुलिस इन बिंदुओं को भी गंभीरता से जोड़कर देख रही है।
मृतका की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मुंह दबाकर हत्या किए जाने की बात सामने आई है। मृतका की नातिन के बयान एवं उसके मोबाइल कॉल डिटेल्स में भिन्नता पाई गई है। जायदाद के बंटवारे सहित तीन से चार बिंदुओं पर जांच-पड़ताल की जा रही है। -एसपी उपाध्याय, एसीपी मेजा