प्रतापगढ़ : भाजपा सांसद संगमलाल गुप्ता ने निर्वाचन आयोग से की शिकायत, वोटरों का नाम न होने पर जताई नाराजगी
मुख्य चुनाव आयुक्त को भेजे गए पत्र में आरोप है कि पट्टी विधानसभा के महड़ौरा बूथ संख्या 249 पर उमेश गुप्ता एवं इनके 18 परिजनों का नाम मतदाता सूची में नहीं है। जबकि इन्होंने सभी लोगों ने विधानसभा में मतदान किया था। वहीं सदर विधानसभ के सहोदरपुर बूथ पर मतदाता श्रीराम मिश्रा के परिवार का नाम मतदाता सूची से हटा दिया गया है।
विस्तार
भाजपा सांसद और लोकसभा प्रत्याशी संगमलाल गुप्ता ने शनिवार को पत्र भेजकर मुख्य चुनाव आयुक्त से मतदाता सूची में जिले में विधानसभावार वोटरों के नाम नहीं होने की शिकायत की है। आरोप है कि मतदाता सूचियों में जानबूझकर जीवित मतदाताओं के नाम पर मृतक अथवा अन्य कारण दिखाकर विलोपित सूची में डालकर मतदान को प्रभावित किया जा रहा है। जिन वोटरों के नाम मतदाता सूची में नहीं हैं, वह भाजपा समर्थित लोग हैं। उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त से प्राथमिकी दर्ज कराकर कार्रवाई की मांग की है। साथ ही इन मतदाताओं के नाम सूची में जुड़वाकर नई तिथि पर इन मतदाताओं का मतदान कराने की मांग की है।
मुख्य चुनाव आयुक्त को भेजे गए पत्र में आरोप है कि पट्टी विधानसभा के महड़ौरा बूथ संख्या 249 पर उमेश गुप्ता एवं इनके 18 परिजनों का नाम मतदाता सूची में नहीं है। जबकि इन्होंने सभी लोगों ने विधानसभा में मतदान किया था। वहीं सदर विधानसभ के सहोदरपुर बूथ पर मतदाता श्रीराम मिश्रा के परिवार का नाम मतदाता सूची से हटा दिया गया है। इसके साथ ही रानीगंज विधानसभा के अमरपुर बूथ संख्या 53 पर मतदाता रतीपाल सिंह, ऊषा सिंह एवं इंदु सिंह के परिजनों का नाम मतदाता सूची से गायब है। जिस कारण यह लोग मतदान करने से वंचित हो गए हैं।
इसी तरह रानीगंज विधानसभा के सुल्तानपुर बूथ पर मतदाता सोनी सिंह का नाम भी वोटर लिस्ट से हटा दिया गया है। पट्टी विधानसभा के सिकरी बूथ पर 15 गांवों के 46 मतदाताओं के नाम सूची से गायब मिला। यह मतदाता शनिवार को मतदान केंद्र पर पहुंचे तो पता चला कि सूची में इनका नाम नहीं है। वहीं इसी विधानसभा क्षेत्र के ग्राम पुरैला के छेदीलाल, मनीषा व सुशीला का नाम भी मतदाता सूची से गायब है।
साथ ही सदर विधानसभा के कटरा मेंदनीगंज बूथ पर मतदाता अनूप जायसवाल एवं उनके पूरे परिवार को नाम ही मतदाता सूची में नहीं मिला। इससे मतदाताओं में रोष है। मतदाताओं का कहना है कि पूरे परिवार का नाम एक साथ सूची से कैसे गायब हो सकता है। रामपुरखास विधानसभा के कटेहरी के मतदाता नारायन प्रकाश पांडेय का नाम वोटर लिस्ट से गायब है। पट्टी विधानसभा के बाबा बेलखरनाथ बूथ संख्या 15 सिकरी के अश्विनी दुबे, गंगाराम, मनोज शुक्ला, रोहित कुमार, कंचन प्रजापति, प्रभुदत्त एवं नीलम का नाम भी सूची से हटा दिया गया।