भाजपा प्रत्याशी नीरज त्रिपाठी बोले : नैनी औद्योगिक क्षेत्र का विकास प्राथमिकता, यमुनापार की समस्याएं होंगी दूर
इलाहाबाद संसदीय क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी नीरज त्रिपाठी ने कहा कि संवैधानिक पद पर होने के कारण वह राजनीतिक कार्यक्रमों में मंच साझा नहीं करते थे। वह पिताजी केशरीनाथ त्रिपाठी के चुनाव का संचालन करते थे, उनको क्षेत्र की समस्याओं की बखूबी जानकारी है। जनता ने मौका दिया तो नैनी और यमुनापार की अन्य समस्याएं दूर होंगी। कार्यकर्ताओं का नारा है भाजपा 400 पार और इलाहाबाद लोकसभा से जीत चार लाख के पार होगी।
विस्तार
अमर उजाला अपने प्रत्याशी से मिलिए कार्यक्रम के तहत सोमवार को इलाहाबाद संसदीय सीट से भाजपा प्रत्याशी नीरज त्रिपाठी ने सिविल लाइंस स्थित अमर उजाला के कार्यालय पर पहुंचे। उन्होंने न सिर्फ जनता के सवालों का बेबाकी से जवाब दिया बल्कि अपनी प्राथमिकताओं को भी बताया। उन्होंने कहा कि यह भाजपा की खूबसूरती है कि वह अपने सामान्य कार्यकर्ता को भी तवज्जो देती है। पार्टी में मुझ जैसे मामूली कार्यकर्ता को लोकसभा का टिकट देकर जो उम्मीद जताई है उस पर वह खरा उतरने का प्रयास करेंगे। कहा कि क्षेत्र की जनता भाजपा 400 पार और इलाहाबाद लोकसभा चार लाख पार से जीत का नारा दे रही है।
उन्होंने कहा कि पिताजी स्व. केशरीनाथ त्रिपाठी के राजनीतिक कद का मुझे क्षेत्र में लाभ मिल रहा है। पिताजी के समय भी वह उनका चुनाव प्रबंधन का कार्य देखते थे। इसके कारण क्षेत्र की समस्याओं की जानकारी उनको बखूबी है। सात साल से यूपी सरकार में अपर महाधिवक्ता जैसे महत्वपूर्ण पद पर रहने के कारण वह राजनीतिक कार्यक्रमों में मंच साझा करने से बचते थे। नामांकन से एक दिन पहले पार्टी के भीतर कोई मतभेद नहीं है। टिकट के लिए आवेदन बहुत लोग करते हैं। एक सीट पर एक ही दावेदार को टिकट मिलता है। सांसद रीता जोशी, मंत्री नंदी, विधायक हर्षवर्धन सभी साथ में हैं। सबसे मेरी करीबी है। मैं सबकी बहुत इज्जत करता हूं।
पार्टी में नहीं है कोई मतभेद
नीरज त्रिपाठी ने कहा कि पार्टी में भितरघात जैसी कोई समस्या नहीं है। सभी कार्यकर्ता एकजुट होकर कार्य कर रहे हैं। चाहे पन्ना प्रमुखों की बैठक हो या मंडल अध्यक्ष या मंडल प्रभारियों की मीटिंग हो। सभी में कार्यकर्ताओं की उपस्थिति शत प्रतिशत रही है। अनुसूचित जाति मोर्चा की बैठक में भी पार्टी से जुडे़ सभी कार्यकर्ता पहुंचे थे।
इससे जाहिर होता है कि भाजपा में सिंबल चुनाव लड़ता है न कि प्रत्याशी। कुछ लोग नाराज जरूर हो सकते हैं, लेकिन उनकी दूरी भाजपा से नहीं है। चुनाव संगठन लड़ रहा है। पार्टी का कार्यकर्ता कभी पार्टी का विरोध नहीं कर सकता, जो नाराज हैं उनसे बातचीत करके उनकी नाराजगी को दूर करने का प्रयास किया जाएगा।
पिता के कार्यों को आगे बढ़ाना है
नीरज ने कहा कि पिताजी केशरीनाथ त्रिपाठी ने नैनी के औद्योगिक क्षेत्र और यमुनापार के इलाके के लिए जो सपना देखा था उसको पूरा करने का कार्य करेंगे। जनता ने अवसर दिया तो नैनी औद्योगिक क्षेत्र का विधिवत विकास किया जाएगा, जिसकी लंबे समय से जरूरत महसूस की जा रही है। कांग्रेस प्रत्याशी उज्ज्वल रमण सिंह का नाम लिए बगैर कहा कि जो लोग 40 साल से राजनीति कर रहे हैं वह अपने घर के सामने की सड़क तक नहीं बनवा सके हैं। वह कभी सपा में थे, फिर भाजपा में जाने का प्रयास किया, सफलता नहीं मिली तो कांग्रेस में शामिल होकर चुनाव लड़ रहे हैं। इनकी न पार्टी के प्रति कोई निष्ठा है न ही जनता के प्रति। यह लोग अपने स्वार्थ के लिए राजनीति कर रहे हैं।
यमुनापार की समस्याओं को करूंगा दूर
नीरज त्रिपाठी ने कहा कि यमुनापार इलाके में एक मल्टी स्पेशलटी हॉस्पिटल और अच्छे शिक्षण संस्थान की नितांत आवश्यकता है। जिससे सुदूर इलाके की जनता को उनके क्षेत्र में ही शहर जैसी सुविधाएं मिल सके। जनता ने मौका दिया तो अस्पताल और शिक्षण संस्थान की स्थापना के साथ ही शंकरगढ़ इलाके में व्याप्त यातायात की समस्या को प्राथमिकता के आधार पर दूर करने का प्रयास करूंगा।