UPPSC : PCS J के साक्षात्कार में UCC पर सवालों की बौछार, अभ्यर्थी से पूछा- UCC पर क्या है आपकी राय
एक अभ्यर्थी से पूछा गया कि यूसीसी पर सरकार ने रिव्यू मांगे हैं, अगर आपसे समान नागरिक संहिता के बारे में पूछा जाए तो आपकी क्या राय होगी। एक अन्य अभ्यर्थी से पूछा गया कि समान नागरिक संहिता को आप कितना सही मानते हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
पीसीएस जे के 303 पदों पर भर्ती के लिए साक्षात्कार बुधवार से शुरू हो गए। पहले दिन समान नागरिक संहिता (यूसीसी) पर सवालों की लाइन लगी रही। मणिपुर हिंसा, तीन तलाक, मीडिया ट्रालय और क्रिमिनल एवं लैंड रेवेन्यू के मामलों से जुड़े सवाल भी पूछे गए। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) से साक्षात्कार देकर बाहर आए अभ्यर्थी काफी सहज दिखे।
एक अभ्यर्थी से पूछा गया कि यूसीसी पर सरकार ने रिव्यू मांगे हैं, अगर आपसे समान नागरिक संहिता के बारे में पूछा जाए तो आपकी क्या राय होगी। एक अन्य अभ्यर्थी से पूछा गया कि समान नागरिक संहिता को आप कितना सही मानते हैं। वहीं, एक अन्य अभ्यर्थी से सवाल किया गया कि समान नागरिक संहिता को लेकर देश भर में चल रही बहस को आप किस तरह से देखते हैं।
मणिपुर हिंसा पर भी सवाल किए गए। एक अभ्यर्थी से पूछा गया कि मणिपुर हिंसा मामले में कई जीरो एफआईआर हुई हैं। जीरो एफआईआर क्या है और मणिपुर हिंसा मामले में बड़ी संख्या में दर्ज हुईं जीरो एफआईआर पर आपकी क्या राय है। एक महिला अभ्यर्थी से तीन तलाक पर पूछा गया कि इसे आप कितना सही मानती हैं। वहीं, एक अन्य अभ्यर्थी से सवाल किया गया कि समलैंगिक विवाह को कानूनी तौर पर मान्यता मिलनी चाहिए या नहीं।
इसके अलावा स्टेट पाॅलिसी और आर्टिकल-21 से जुड़े सवाल भी किए गए। साथ ही सीधे सुबूत और परिस्थितिजन्य सुबूत में अंतर के बारे में पूछा गया। एक महिला अभ्यर्थी से सवाल किया गया कि पिछले कुछ दिनों में सुप्रीम कोर्ट ने महिलाओं से जुड़े किन मुद्दों पर आदेश दिए हैं। यह भी पूछा कि हाल के दिनों में किन कानूनों में बदलाव किए गए हैं। तमाम अभ्यर्थियों से यह भी पूछा गया कि अभी वकालत कर रहे हैं या नहीं।
एक अभ्यर्थी से पूछा गया कि स्वतंत्रता दिवस से जुड़ी परंपराएं कौन सी हैं? वहीं, एक अन्य अभ्यर्थी से सवाल किया गया कि क्या मीडिया ट्रायल न्याय काे प्रभावित करता है और इसे आप किस तरह से देखते हैं। पीसीएस जे-2022 के साक्षात्कार 28 अगस्त को पूरे होंगे। इसमें कुल 959 अभ्यर्थियों को शामिल होना है। बुधवार को दो सत्रों में सुबह 10 और दोपहर दो बजे से हुए साक्षात्कार में 96 अभ्यर्थियों को बुलाया गया था।
पांच अभ्यर्थियों की साक्षात्कार तिथि बदली
उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग ने पीसीएस जे के पांच अभ्यर्थियों के प्रत्यावेदन पर उनके साक्षात्कार की तिथि में परिवर्तन किया है। इनमें रुचिका भट्ट को 18 अगस्त, सुशील कुमार वर्मा को 23 अगस्त और आयुषी, फौजिया बेगम, विशाल ठाकुर को 28 अगस्त को दोपहर दो बजे के सत्र में बुलाया गया है।