eid ul adha : बकरीद का सजने लगा बाजार, अभी कम ही पहुंच रहे बकरे के खरीदार
हटिया में सात हजार से लेकर 35 हजार तो करेली में सात हजार से शुरू होकर 45 हजार तक के दाम के बकरे खरीदारों के लिए उपलब्ध रहे। बकरीद का त्योहार इस बार 29 जून को मनाया जाना है। बकरीद पर मुस्लिम समुदाय के लोगों का बकरा, बकरी और भेड़ की कुर्बानी करने की परंपरा है।
विस्तार
बकरीद त्योहार के लिए मंडियों में बकरे पहुंचने लगे हैं। मंडियां व बाजार सजने शुरू हो गए हैं। हालांकि बकरे खरीदने के लिए अभी कम ही खरीदार आ रहे हैं। मंगलवार को शहर की सबसे पुरानी मंडी हटिया में जहां दर्जन भर व्यापारी बकरों को लेकर पहुंचे, तो वहीं करेली के नुरल्लाह रोड, रसूलपुर कब्रिस्तान और अस्करी मार्केट के पास की मंडियों में बकरा व्यापारियों का आना शुरू हो चुका है।
हटिया में सात हजार से लेकर 35 हजार तो करेली में सात हजार से शुरू होकर 45 हजार तक के दाम के बकरे खरीदारों के लिए उपलब्ध रहे। बकरीद का त्योहार इस बार 29 जून को मनाया जाना है। बकरीद पर मुस्लिम समुदाय के लोगों का बकरा, बकरी और भेड़ की कुर्बानी करने की परंपरा है। जिसको लेकर मंगलवार को हटिया, करेली और नुरूल्ला रोड की मंडी में देहात के व्यापारी पहुंचे।
मंडी में आने वाले व्यापारियों का कहा कि जो लोग खरीदारी के लिए आ रहे हैं, वह सिर्फ मोलभाव कर बाजार को टटोल रहे हैं। बकरों की खरीदारी शुक्रवार से बढ़ने की उम्मीद है। सैदपुर से करेली मंडी में बकरा बेचने आए मो. हनीफ ने बताया कि बकरे देहात के लोग 10 से 12 दिन पहले खरीद लेते हैं, जबकि शहर में लोग तीन से चार दिन पहले बकरा खरीदते हैं।
इसकी बड़ी वजह ये है कि शहर के लोगों के पास जानवर को रखने की भी जगह नहीं होती है। हटिया की मंडी में मंगलवार को साप्ताहिक बाजार होने के बावजूद कम बकरे नजर आए। कौशाम्बी से बकरा बेचने आए इलियास अहमद ने बताया कि बकरीद में अभी पूरे एक सप्ताह का समय है। कहा कि शनिवार को मंडी में बाजार लगेगी उसमें अच्छा व्यापार होने की उम्मीद है। वहीं, इलियास का कहना है कि इस बार बाजार अच्छी उछाल पकड़ेगा।
दरअसल, बाजार में कम बकरे होने के चलते अभी बकरे के दाम भी आसमान छू रहे हैं। महेवा से बकरा खरीदने आए शोएब खान ने बताया कि हटिया की मंडी में जो बकरा पिछले वर्ष सात से आठ हजार रुपये में बिक रहा था। इस बार वह दस से 12 हजार रुपये में मिल रहा है।
करेली रसूलपुर कब्रिस्तान के पास की मंडी में हनुमानगंज से आए बकरा व्यवसायी इंसाफ हुसैन ने बताया कि मंडी में वे 13 बकरे लाए थे। इसमें से महज दो ही बकरे बिके हैं। 11 बकरे लेकर वापस जा रहे हैं। शुक्रवार को वह फिर आएंगे। संवाद