azamgarh and rampur by election result: आजमगढ़ और रामपुर की जीत का मना जश्न, भाजपा कार्यकर्ताओं ने जमकर की आतिशबाजी
सुभाष चौराहे पर हनुमान जी की प्रतिमा को लेकर पहुंचे भाजपाइयों ने कहा कि यह जीत समाजवादी पार्टी के विचारों को जनता द्वारा नकारने से हुई। सपा का सूरज भी कांग्रेस की तरह सदा के लिए डूबने वाला है।
विस्तार
रामपुर और आजमगढ़ लोकसभा उपचुनाव में जीत से गदगद भाजपाइयों ने रविवार को जश्न मनाया। सिविल लाइंस सुभाष चौराहे पर पार्टी नेताओं ने जहां एक ओर आतिशबाजी की तो वहीं दूसरी ओर ठाकुरदीन हाता में पार्टी नेताओं ने मिठाई बांटकर अपनी खुशी का इजहार किया। इसी तरह यमुनापार में भी भाजपाइयों द्वारा पटाखे फोड़े जाने के साथ मिठाई का वितरण किया गया।
सुभाष चौराहे पर हनुमान जी की प्रतिमा को लेकर पहुंचे भाजपाइयों ने कहा कि यह जीत समाजवादी पार्टी के विचारों को जनता द्वारा नकारने से हुई। सपा का सूरज भी कांग्रेस की तरह सदा के लिए डूबने वाला है। इस दौरान पार्षद पवन श्रीवास्तव के नेतृत्व में जमकर आतिशबाजी हुई। खुशी जताने वालों में विहिप नेता विनोद सोनकर, पूर्व पार्षद नीरज गुप्ता, संदीप चौहान, कुशाग्र श्रीवास्तव आदि रहे।
इसी तरह भाजपा चौक मंडल की ओर से ठाकुर दीन हाता में सपा का रामपुर और आजमगढ़ किला ढहने पर जीत का जश्न मनाया गया। यहां महानगर अध्यक्ष गणेश केसरवानी के नेतृत्व में पहुंचे भाजपाइयों ने कहा कि यह जीत सिद्ध करती है कि जनता का विश्वास पीएम मोदी और सीएम योगी पर है। पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने यहां मिठाई वितरण के साथ खूब पटाखे भी फोड़े।
इस अवसर पर पार्टी पदाधिकारियों की बैठक में मेयर अभिलाषा गुप्ता गुप्ता ने कहा कि अब पार्टी नेता एवं कार्यकर्ता नगर निगम चुनाव की तैयारी में जुट जाएं। उन्होंने जीत के लिए सीएम योगी एवं भाजपा संगठन को बधाई भी दी। जीत का जश्न मनाने वालों में विक्रमाजीत सिंह भदौरिया, राजेश केेसरवानी, नवरत्न कात्याल, विवेक अग्रवाल, शिखा खन्ना, सुनीता चोपड़ा, लता उपाध्याय, अरविंद गुप्ता, प्रदीप पांडेय आदि रहे।
जीत से पार्टी नेता गदगद
भाजपा काशी प्रांत उपाध्यक्ष अवधेेश चंद्र गुप्ता ने लोकसभा की दो और सीट जीतने पर पार्टी संगठन को बधाई दी। पिछले दिनों सपा से इस्तीफा देने वाले पूर्व पार्षद विजय वैश्य ने कहा कि अखिलेश की नीतियों से नाराज होकर ही जनता ने उन्हें एक बार फिर से नकार दिया। इसी तरह यमुनापार अध्यक्ष विभव नाथ भारती, दिलीप चतुर्वेदी की अगुवाई में भी पार्टी कार्यकर्ताओं ने आतिशबाजी एवं मिठाई बांट कर खुशी का इजहार किया। अल्पसंख्यक मोर्चा क्षेत्रीय उपाध्यक्ष पतविंदर सिंह ने भी पीएम और सीएम को जीत की बधाई दी।
रामपुर और आजमगढ़ में कमल खिला, साइकिल पंचर! लोकसभा उप चुनाव में फिर से जनता ने भाजपा को एतिहासिक जनादेश देकर पीएम मोदी एवं सीएम योगी के कल्याणकारी योजनाओं एवं विकास मॉडल पर विश्वास की मोहर लगाई है। मैं इस आशीर्वाद के लिए देवतुल्य जनता का आभार व्यक्त करता हूं। सभी कार्यकर्ताओं को भी बधाई।
- केशव प्रसाद मौर्य, डिप्टी सीएम , उ.प्र. सरकार।
उप चुनाव मेें मिली विजय पीएम मोदी के यशस्वी नेतृत्व में जन कल्याणकारी नीतियों पर डबल इंजन की सरकार के प्रति आमजन के विश्वास की मुहर है। आजमगढ़ से दिनेश यादव और रामपुर से घनश्याम लोधी को जीत की बधाई। - नंद गोपाल गुप्ता नंदी, कैबिनेट मंत्री, उप्र सरकार