Prayagraj : अतीक के करीबी आसिफ दुर्रानी ने एमपी-एमएलए कोर्ट में किया सरेंडर, 50 हजार का घोषित है इनाम
अतीक के भाई अशरफ के गनर रहे आसिफ दुर्रानी ने बुधवार को एमपीएमएलए कोर्ट में सरेंडर कर दिया। उसके ऊपर 50 हजार का इनाम घोषित है। दुर्रानी के खिलाफ करेली में प्रॉपर्टी डीलर इरफान की हत्या का मुकदमा भी दर्ज है।
विस्तार
जिला अदालत की विशेष न्यायालय (एमपी-एमएलए) योगेश कुमार तृतीय की कोर्ट में माफिया अतीक अहमद के करीबी आसिफ दुर्रानी ने एक हत्या के मामले में बुधवार को आत्मसमर्पण कर दिया। पुलिस ने प्रॉपर्टी डीलर मोहम्मद इरफान की हत्या के आरोप में 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।
आसिफ दुर्रानी के खिलाफ 2018 में हत्या के आरोप में धूमनगंज थाने में एफआईआर दर्ज हुई है। इस मामले में लंबे समय से फरार चल रहा था। एमपी-एमएलए कोर्ट ने गैर जमानती वारंट जारी किया था। फरारी के दौरान आसिफ दुर्रानी का नाम करेली के चर्चित प्रॉपर्टी डीलर मोहम्मद इरफान गद्दी हत्याकांड में भी सामने आया था।
आठ अप्रैल को करेली में प्रॉपर्टी डीलर मोहम्मद इरफान गद्दी की सरेआम गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। पुलिस जांच में आसिफ दुर्रानी का संबंध माफिया अतीक अहमद के आईएस-227 गिरोह से सामने आया। आसिफ दुर्रानी के खिलाफ हत्या, रंगदारी और अन्य गंभीर धाराओं में 17 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं।
रेआम गोली मारकर की गई थी हत्या
करेली में प्रॉपर्टी डीलर मोहम्मद इरफान गद्दी की आठ अप्रैल को सरेआम गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में आसिफ दुर्रानी और उसके भाई राशिद दुर्रानी को मुख्य आरोपी बनाया गया था। घटना के बाद से ही दोनों फरार हो गए थे। पुलिस की छानबीन में आसिफ का कनेक्शन माफिया अतीक अहमद से मिला। यह अतीक अहमद के आईएस -27 गैंग का शार्प शूटर था। इसके खिलाफ 17 से अधिक मामले दर्ज हैं। 2020 में पीडीए ने इसके मकान को बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया था। दोनों भाइयों पर पुलिस ने पहले 25-25 हजार का इनाम घोषित किया था। इसके बाद पुलिस ने राशिद को गिरफ्तार कर लिया था। सुराग न मिलने पर आसिफ पर पुलिस ने इनाम की राशि बढ़ाकर 50 हजार कर दी थी।