अतीक-अशरफ हत्याकांड : 18 चश्मदीदों से साक्ष्य लेकर लखनऊ लौटा न्यायिक आयोग, अब पुलिसकर्मियों के दर्ज होंगे बयान
अतीक-अशरफ हत्याकांड की जांच के लिए गठित न्यायिक आयोग शुक्रवार को लखनऊ लौट गया। इससे पहले आयोग ने 18 चश्मदीदों से उनके बयान के संबंध में साक्ष्य एकत्र किए। इनमें नौ मीडियाकर्मी जबकि कॉल्विन अस्पताल के इतने ही डॉक्टर व कर्मचारी शामिल रहे।
विस्तार
अतीक-अशरफ हत्याकांड की जांच के लिए गठित न्यायिक आयोग शुक्रवार को लखनऊ लौट गया। इससे पहले आयोग ने 18 चश्मदीदों से उनके बयान के संबंध में साक्ष्य एकत्र किए। इनमें नौ मीडियाकर्मी जबकि कॉल्विन अस्पताल के इतने ही डॉक्टर व कर्मचारी शामिल रहे। अब दूसरे चरण में उन पुलिसकर्मियों का बयान दर्ज होना है, जो घटना के वक्त माफिया भाइयों की सुरक्षा में तैनात थे।
लखनऊ रवाना होने से पहले आयोग ने शुक्रवार को सर्किट हाउस में तीन मीडियाकर्मियों से साक्ष्य लिए। इससे पहले 18 मई को क्रमश: दो चिकित्साकर्मियों व छह मीडियाकर्मियों और 17 मई को सात चिकित्साकर्मियों से उनके बयान के संबंध में साक्ष्य लिए गए थे। जबकि 16 मई को शहर पहुंचने के बाद चश्मदीदों की ओर से पेश किए गए शपथपथ (लिखित बयान) का अवलोकन करते हुए साक्ष्य रिकॉर्ड करने के लिए उन्हें अगले दिन बुलाया गया था।
सूत्रों का कहना है कि चश्मदीदों की ओर से जो बयान दिए गए हैं, उसके संबंध में उनसे साक्ष्य लेने की कार्रवाई पिछले तीन दिनों के भीतर की गई। आयोग के सदस्यों ने शपथपत्र में दी गई एक-एक जानकारी को पढ़ा और फिर उनके संबंध में संबंधितों से साक्ष्य भी रिकॉर्ड किए।
वीडियो क्लिपिंग व सीसीटीवी फुटेज भी देखे
इससे पहले छह मई को शहर आने के दौरान आयोग ने घटना से संबंधित वैज्ञानिक साक्ष्यों का अवलोकन किया था। इसके तहत मीडियाकर्मियों के कैमरे में मौजूद वीडियो क्लिपिंग के साथ ही घटनास्थल पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज का गहनता से परीक्षण किया था। साथ ही इसी दौरान शपथपत्र पर बयान उपलब्ध कराने के लिए चश्मदीदों को नोटिस जारी करने के भी निर्देश दिए थे।
27 मई तक उपलब्ध करा सकते हैं जानकारी
उधर आयोग की ओर से यह भी कहा गया है कि घटना से संबंधित जानकारी रखने वाला कोई भी व्यक्ति आयोग को सूचना दे सकता है। जानकारी व्यक्तिगत रूप से आयोग के कक्ष संख्या 205, द्वितीय तल, विकास भवन लखनऊ स्थित कार्यालय में दोपहर 12 बजे से शाम 4:30 बजे के बीच उपस्थित होकर दी जा सकती है। इसके अलावा व्यक्तिगत रूप/ अधिकृत प्रतिनिधि के माध्यम, पंजीकृत डाक से अथवा आयोग की ई-मेल आईडी ec588home@gmail.com पर सार्वजनिक सूचना प्रकाशन के 10 दिनों के अंदर दी जा सकती है। सार्वजनिक सूचना 17 मई को प्रकाशित हुई है, ऐसे में जानकारी उपलब्ध कराने की समयावधि 27 मई तक है।