Umesh Pal Case : किसके ईशारे पर खोली गई थी गुड्डू मुस्लिम की दुकान, पीडीए फिर देगा ध्वस्तीकरण का नोटिस
उमेश पाल हत्याकांड के आरोपी पांच लाख के इनामी बमबाज गुड्डू मुस्लिम की चिकन शॉप खुलने को लेकर कई तरह के सवाल खड़े हो गए हैं। हालांकि पीडीए ने दुकान को फिर सील कर दिया है, लेकिन बड़ा सवाल यह है कि आखिरकार किसकी शह पर दुकान का सील तोड़कर उसे फिर खोला गया है।
विस्तार
पांच लाख के इनामी और अतीक के शूटर गुड्डू मुस्लिम की चकनिरातुल स्थित चिकन शॉप सील कर दी गई। पीडीए ने उमेश पाल हत्याकांड के बाद इसे सील करते हुए ध्वस्तीकरण का नोटिस दिया था, लेकिन दुस्साहस यह कि सील तोड़कर दुकान फिर खोल ली गई। अमर उजाला में खबर प्रकाशित होने पर चेते पीडीए ने यह कार्रवाई की। अधिकारियों के सामने अब बड़ा सवाल यह खड़ा हो गया है कि आखिर किसके ईशारे पर सील तोड़कर दुकान खोलने का दुस्साहस किया गया है। पीडीए ने दुकान पर नोटिस चस्पा कर दिया है।
सुलेमसराय में दिनदहाड़े गोलियों और बम मार कर उमेश पाल व दो पुलिसकर्मियों की हत्या के बाद से ही गुड्डू मुस्लिम फरार चल रहा है। पुलिस ने पांच लाख का इनाम भी घोषित किया है, बावजूद उसके उसका कोई अता-पता नहीं। पुलिस और एसटीएफ भी उसकी तलाश करते-करते थक-सी गई दिखती है। हत्या के बाद पीडीए ने उसके मकान के पास टीन-शेड में बनी चिकन की दुकान सील कर दी थी।
पीडीए ने नोटिस भेजकर नक्शा मांगा, लेकिन कोई संतोषजनक जवाब नहीं आया। इसे तोड़ने की तैयारी थी, लेकिन न जाने किसके इशारे पर सारी कार्रवाई ठंडे बस्ते में चली गई। मौका पाकर गुड्डू मुस्लिम के दुकान से सील तोड़ दी गई। अतीक-अशरफ की हत्या के बाद पीडीए के अधिकारी भी इतने बेफिक्र हो गए कि उन्हें कुछ भनक ही नहीं लगी। चिकन शॉप रोजाना ही खुलने लगी।
अमर उजाला ने 12 जून के अंक में इस खेल से फोटो के साथ पर्दा उठाया तो पीडीए अधिकारियों की खूब फजीहत हुई। आखिरकार जोनल अधिकारी अजय कुमार के नेतृत्व में पीडीए की टीम ने दुकान फिर सील कर दिया। बताया गया कि यह दुकान मो. आबिद संचालित कर रहा था। हालांकि, पीडीए सचिव अजीत कुमार सिंह का कहना है कि मकान और चिकन शॉप में ध्वस्तीकरण का नोटिस चस्पा किया गया था। शॉप अब सील कर दी गई है।
ध्वस्तीकरण का फिर नोटिस देगा पीडीए
पीडीए सचिव के मुताबिक गुड्डू मुस्लिम के परिजनों को फिर से ध्वस्तीकरण का नोटिस दिया जाएगा। इसके बाद भी कोई जवाब नहीं आया तो मकान-दुकान दोनों को ध्वस्त करा दिया जाएगा। इसके पहले गुड्डू मुस्लिम और उसकी पत्नी के नाम से नोटिस जारी किया गया था।