अनुराग ठाकुर बोले : अखिलेश सरकार में दंगे होते थे और भाजपा सरकार में हो रहे दंगल
केंद्रीय सूचना प्रसारण, युवा मामले एवं खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि अखिलेश सरकार में दंगे होते थे और अब भाजपा सरकार में दंगल हो रहे हैं। अंतर इतना है कि तब हूटर और जूटर चलते थे। आज विकास की गाथाएं हो रही हैं। सपा-बसपा सरकार में क्या होता था? इसे प्रदेश की जनता अच्छी तरह से जान चुकी है। बेटियां शाम को सड़कों पर नहीं निकल पाती थी। आज बेटियां निर्भीक होकर खेल के मैदान में आकर मेडल जीतती हैं। यह बदला हुआ उत्तर प्रदेश का सुबूत है।
केंद्रीय मंत्री शनिवार को टेंवा स्थित स्पोर्ट स्टेडियम में सांसद ट्राफी प्रतियोगिता के समापन समारोह के बाद पत्रकारों से रूबरू होते हुए विपक्ष पर जमकर हमला बोला। कांग्रेस द्वारा कृषि कानून को लेकर चले आंदोलन में शहीद किसानों को जलियावाला बाग कांड की तुलना करने पर केंद्रीय मंत्री ने कहा कि दिग्विजय सिंह, शरद पवार के शासनकाल को याद दिलाते हुए कहा कि उस वक्त किसानों पर गोलियां बरसाई गई थी। जबकि भाजपा सरकार में किसानों को एमएसपी, न्यूनतम समर्थन मूल्य पहले से 47 प्रतिशत ज्यादा गेहूं और धान पर तथा 65 से 70 फीसदी ज्यादा दलहन और तिलहन पर दिया गया।
जिताऊ उम्मीदवार को ही टिकट देगी भाजपा
खरीद पहले से दोगुनी की गई। किसानों के खाते में एक लाख 65 हजार करोड़ रुपये पीएम सम्मान निधि का दिया गया। विपक्ष का आरोप है कि प्रदेश में योगी सरकार ने कोई विकास कार्य नहीं किया है इसीलिए चुनाव से ठीक पहले डिप्टी सीएम मथुरा का मुद्दा उछाल रहे हैं के जवाब में केंद्रीय मंत्री ने कहा कि सड़कों का निर्माण, रेलवे के विकास या फिर डिफेंस कारिडोर ये सभी विकास कार्यों का आइना हैं।
विधानसभा चुनाव में परफार्मेंस के आधार पर बड़ी संख्या में सिटिंग एमएलए के टिकट कटने के सवाल पर प्रदेश के सह चुनाव प्रभारी ने कहा कि भाजपा जीतने वाले उम्मीदवार को ही टिकट देगी। 2014, 2017 व 2019 के चुनावों में पार्टी की प्रचंड जीत का जिक्र करते हुए केंद्रीय मंत्री ने 2022 में भी यूपी की 300 से ज्यादा सीटें जीतने का दावा किया।