Prayagraj : अनुप्रिया पटेल ने इंडिया गठबंधन पर साधा निशाना, कहा- वहां हर व्यक्ति प्रधानमंत्री पद का दावेदार
केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल रविवार को झूंसी में एक निजी कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचीं थीं। उन्होंने कहा कि अभी इसका कोई एक ठोस मसौदा और खाका सामने नहीं आया है। कहा कि इसका ठोस मसौदा आने के बाद लंबी और सार्थक चर्चा की आवश्यकता है और होनी भी चाहिए।
विस्तार
केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग राज्य मंत्री अनुप्रिया पटेल ने कहा कि एक देश, एक चुनाव पर सार्थक एवं व्यापक चर्चा करने की आवश्यकता है। केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया ने कहा कि एक देश एक चुनाव कोई नया विषय नहीं है। यह लंबे वक्त से चल रहा है। लॉ कमिशन ने 1999 में इसे लेकर अपनी रिपोर्ट दी थी। 2018 में हमारी केंद्रीय सरकार ने भी ड्राफ्ट रिपोर्ट पेश की थी।
रविवार को केंद्रीय मंत्री झूंसी में एक निजी कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचीं थीं। उन्होंने कहा कि अभी इसका कोई एक ठोस मसौदा और खाका सामने नहीं आया है। कहा कि इसका ठोस मसौदा आने के बाद लंबी और सार्थक चर्चा की आवश्यकता है और होनी भी चाहिए।
विपक्षी पार्टियों के एकजुट होने के बाद बनाए गए इंडिया गठबंधन पर केंद्रीय राज्यमंत्री अनुप्रिया पटेल ने कहा कि अपनी सियासी जमीन को बचाने के लिए कभी एक-दूसरे के धुर विरोधी रहे नेता और उनकी पार्टियां एक हैं। इसके बाद भी उनके मंसूबे कामयाब नहीं होले वाले हैं। देश की जनता को एनडीए की सरकार के कार्यों, उपलब्धियों और प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व पर भरोसा है। हमारी सरकार के कार्यकाल में हम चांद पर पहुंच गए, सोलर मिशन भी कामयाब हो गए।
देश में फिर बनेगी मोदी सरकार
देश की जनता इस उभरते हुए भारत को देख रही है। 2024 के लोकसभा चुनाव में अपार जन आशीर्वाद मोदी सरकार को प्राप्त होगा। कहा कि इंडिया गठबंधन का हाल यह है कि हर व्यक्ति वहां प्रधानमंत्री पद का दावेदार है। कहा कि वहां पर इस बात का फैसला नहीं हो पा रहा है कि सीटों का बंटवारा कैसे होगा। कार्यक्रम को फूलपुर सांसद केशरी देवी पटेल, विधायक प्रवीण सिंह पटेल, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. वीके सिंह, मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. एसपी सिंह ने भी संबोधित किया।