Prayagraj : हाईकोर्ट के निकट फ्लाईओवर के नीचे चला अतिक्रमण हटाओ अभियान, भारी संख्या में मौजूद रहा पुलिस फोर्स
हाइकोर्ट के पास पुल के नीचे रविवार की आधी रात नगर निगम की टीम ने अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाया। इस दाैरान न सिर्फ आसपास की दुकानें हटाई गईं, बल्कि पुल के नीचे रखे कुर्सी और टेबल भी निगम की टीम साथ ले गई। कार्रवाई के दाैरान कैंट, सिविल लाइंस समेत कई थानों की पुलिस माैके पर माैजूद रही। आरोप है कि रोड पर अतिक्रमण कर कुर्सी-मेज रखे गए थे, जिससे दिनभर जाम की समस्या बनी रहती थी। रात करीब पाैने 12 बजे नगर निगम की टीम पुलिस बल के साथ हाईकोर्ट पुल के पास पहुंची।
इस दाैरान हाईकोर्ट पानी टंकी से लेकर पुल के नीचे तक लगीं कुर्सियों को टीम ने जेसीबी से एकत्रित किया गया। इसके बाद ट्रैक्टर ट्रालियों में लाद लिया, जिसे नगर निगम परिसर ले जाया गया। मौके पर मौजूद एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि नगर निगम की ओर से कार्रवाई की जा रही है। इस बारे में आदेश जारी किए गए हैं। वहीं, मौके पर मौजूद लोगाें ने जब पूछा कि टेबल-कुर्सी क्यों हटाया जा रहा है तो उन्हें जवाब मिला कि उनके पास सीनियर अधिकारियों के आदेश हैं।
इस दौरान एसीपी सिविल लाइंस, एसपी कैंट, थाना प्रभारी समेत 100 से ज्यादा पुलिसकर्मी मौके पर मौजूद रहे। सिविल लाइंस थाना प्रभारी रामाश्रय यादव ने बताया कि सुरक्षा के मद्देनजर अतिरिक्त पुलिस बल को तैनात किया गया है। दूसरी ओर नगर निगम कर्मियों का कहना था कि उच्चाधिकारियों के आदेश पर ही अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। नगर निगम की कार्रवाई का अधिवक्ताओं ने विरोध किया। सोमवार को दिन में बड़ी संख्या में अधिवक्ता नगर निगम के कार्यालय पहुंचे नाराजगी जाहिर की। अधिकारियों से अधिवक्ताओं की तीखी नोकझोंक भी हुई।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.