Jyoti Maurya Case : आलोक मौर्य से कल दर्ज कराए जाएंगे बयान, SDM ज्योति मौर्या के पति ने लगाए हैं गंभीर आरोप
प्रेम प्रसंग, भ्रष्टाचार समेत कई आरोंपों में घिरीं ज्योति मौर्या के मामले की जांच अपर आयुक्त अमृत लाल बिंद की अध्यक्षता में गठित तीन सदस्यीय समिति को सौंपी गई है।
विस्तार
पीसीएस अधिकारी ज्योति मौर्या पर भ्रष्टाचार समेत कई गंभीर आरोप लगाने वाले आलोक से जांच समिति सोमवार को पूछताछ एवं बयान दर्ज करेगी। आलोक के बयान एवं उपलब्ध कराए गए साक्ष्यों के आधार पर समिति ज्योति से भी पूछताछ करेगी।
प्रेम प्रसंग, भ्रष्टाचार समेत कई आरोंपों में घिरीं ज्योति मौर्या के मामले की जांच अपर आयुक्त अमृत लाल बिंद की अध्यक्षता में गठित तीन सदस्यीय समिति को सौंपी गई है। समिति ने पूछताछ के लिए नौ अगस्त को आलोक को बुलाया था लेकिन आलोक ने बयान दर्ज एवं साक्ष्य उपलब्ध कराने के लिए 20 दिन का समय मांगा था। इसके बाद समिति ने आलोक को 28 अगस्त को बुलाया है।
कमेटी ने दिया था 20 दिन का समय
सूत्र के अनुसार आलोक को पहले ही 20 दिन का समय दिया जा चुका है। ऐसे में समिति अब और समय देने से इंकार कर सकती है। ऐसा होता है तो आलोक का बयान दर्ज किए बिना भी समिति रिपोर्ट शासन को भेज सकती है।
उधर, आलोक के आरोपों एवं उपलब्ध कराए गए साक्ष्यों के परिपेक्ष्य में ज्योति से पूछताछ की जाएगी। इसके बाद दोनों को आमने-सामने बैठाकर भी पूछताछ की जाएगी। हालांकि ज्योति से कब पूछताछ की जाएगी अभी इसकी तारीख तय नहीं की गई है। माना जा रहा है आलोक के बयान दर्ज कराने के एक-दो दिन के भीतर ही ज्योति को बुलाया जाएगा।