इलाहाबाद विवि : ऑफलाइन परीक्षा के विरोध में बवाल, छात्रों ने किया पथराव तो पुलिस ने लाठियां पटक कर खदेड़ा
बवाल के दौरान तीन छात्र नेताओं को पुलिस ने हिरासत में लिया है। छात्रों ने विश्वविद्यालय में संचालित कक्षाओं को पूरी तरह से ठप कर दिया है। इस मामले में विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से भी तहरीर दी जा रही है, जिसके आधार पर पुलिस आधा दर्जन छात्र नेताओं के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने जा रही है।
विस्तार
इलाहाबाद विश्वविद्यालय में ऑफलाइन परीक्षाओं के विरोध में जारी आंदोलन के दौरान बृहस्पतिवार को बवाल हो गया। विश्वविद्यालय मेन गेट के सामने प्रदर्शन कर रहे छात्रों ने पथराव किया तो पुलिस ने लाठियां पटक कर छात्रों को खदेड़ दिया। इस दौरान हुई भगदड़ में कुछ छात्र चोटिल भी हो गए।
बवाल के दौरान तीन छात्र नेताओं को पुलिस ने हिरासत में लिया है। छात्रों ने विश्वविद्यालय में संचालित कक्षाओं को पूरी तरह से ठप कर दिया है। इस मामले में विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से भी तहरीर दी जा रही है, जिसके आधार पर पुलिस आधा दर्जन छात्र नेताओं के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने जा रही है।
इलाहाबाद विश्वविद्यालय के छात्र लगातार मांग कर रहे हैं कि परीक्षाएं ऑनलाइन मोड में ही आयोजित की जाएं, जबकि विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से ऑफलाइन मोड में परीक्षाएं कराए जाने का निर्णय लिया जा चुका है। स्नातक द्वितीय एवं तृतीय वर्ष की परीक्षाएं 22 अप्रैल से प्रस्तावित हैं, जबकि परास्नातक सम सेमेस्टर की परीक्षाएं में मई के पहले सप्ताह में होनी हैं।
कई दिनों से छात्र बेमियादी धरने पर बैठे हैं
ऑफलाइन परीक्षाओं के विरोध में छात्र कई दिनों से बेमियादी धरने पर बैठे हुए हैं। विश्वविद्यालय खुलने के बाद परिसर में छात्रों की भीड़ इकट्ठा हुई तो आंदोलन तेज हो गया और छात्र सुबह से ही विश्वविद्यालय के मेन गेट पर जुटने लगे। विश्वविद्यालय प्रशासन के अफसरों और पुलिस के अधिकारियों ने छात्रों को कई बार समझाने की कोशिश की और उनसे कहा कि वे अपनी कक्षाओं में वापस जाएं।
छात्र नहीं माने और लगातार नारेबाजी करते रहे। इस दौरान छात्रों ने पत्थर चला दिए और हंगामा बढ़ने पर पुलिस को लाठियां पटक कर छात्रों को खदेड़ना पड़ा। लाठियां चलने के बाद भगदड़ में कुछ छात्र घायल हो गए।
तीन छात्रों को लिया गया हिरासत में
कुछ विभागों में मामूली तोड़फोड़ भी की गई। तीन छात्रों को हिरासत में ले लिया गया, जिसके विरोध में छात्रों ने विश्वविद्यालय में सभी कक्षाएं बंद करा दीं। इसके बाद भी छात्र मेन गेट पर जुटे हुए हैं और मांग कर रहे हैं कि विश्वविद्यालय प्रशासन आज ही ऑनलाइन परीक्षा कराए जाने पर कोई निर्णय ले। पुलिस और छात्रों के बीच कई बार नोकझोंक भी हुई।
विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से आंदोलन को भड़काने के मामले में आधा दर्जन छात्रों के खिलाफ तहरीर दी जा रही है, जिसके आधार पर पुलिस नामजद मुकदमा दर्ज करेगी।