Campus : सोमवार से खुलेगा इलाहाबाद विवि, अंतिम दौर में प्रवेश, नए छात्रों को कक्षाएं शुरू होने का इंतजार
पाठ्यक्रम में तकरीबन 20 फीसदी कटौती करने की तैयारी है। विश्वविद्यालय खुलने के तीन माह बाद वार्षिक परीक्षाएं भी प्रस्तावित हैं। ऐसे में पाठ्यक्रम को समय से पूरा करा पाना विश्वविद्यालय एवं कॉलेजों के लिए चुनौती होगी।
विस्तार
इलाहाबाद विश्वविद्यालय (इविवि) और संघटक महाविद्यालय शीतकालीन अवकाश के बाद दो जनवरी से खुल जाएंगे। इविवि एवं कॉलेजों में स्नातक प्रवेश की प्रक्रिया अंतिम दौर में है। ऐसे में विश्वविद्यालय एवं कॉलेजों में 15 जनवरी या इससे पहले ही स्नातक के सभी पाठ्यक्रमों की कक्षाएं शुरू हो जाएंगी।
हालांकि इस बार सत्र काफी पिछड़ चुका है और इसकी वजह से विश्वविद्यालय को स्नातक के पाठ्यक्रम में कटौती करनी पड़ेगी। पाठ्यक्रम में तकरीबन 20 फीसदी कटौती करने की तैयारी है। विश्वविद्यालय खुलने के तीन माह बाद वार्षिक परीक्षाएं भी प्रस्तावित हैं। ऐसे में पाठ्यक्रम को समय से पूरा करा पाना विश्वविद्यालय एवं कॉलेजों के लिए चुनौती होगी।
इविवि में स्नातक के सभी पाठ्यक्रमों में प्रवेश प्रक्रिया तकरीबन पूरी हो चुकी है। प्रवेश प्रक्रिया पूरी होते ही विश्वविद्यालय में स्नातक की कक्षाएं शुरू करा दी जाएंगी। स्नातक प्रवेश के चेयरमैन प्रो. जेके पति ने बताया कि विश्वविद्यालय खुलते ही स्नातक में प्रवेश प्रक्रिया पूरी होने से संबंधित नोटिफिकेशन जारी कर दिया जाएगा।
ईश्वर शरण में प्रवेश पूरा, नौ से चलेंगी कक्षाएं
ईश्वर शरण डिग्री कॉलेज में स्नातक में ऑनलाइन प्रवेश की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। चार, पांच एवं छह जनवरी को प्रवेश ले चुके छात्र-छात्राओं के अभिलेखों का सत्यापन किया जाएगा। कॉलेज के पीआरओ डॉ. मनोज कुमार दुबे ने बताया कि कॉलेज में नौ जनवरी से स्नातक की कक्षाएं शुरू हो जाएंगी, जबकि परास्नातक की कक्षाएं पहले से ही चल रहीं हैं।
एडीसी में पिछड़ा प्रवेश, 15 से कक्षाएं शुरू होने के आसार
इलाहाबाद डिग्री कॉलेज (एडीसी) में 15 जनवरी से कक्षाएं शुरू हो सकतीं हैं। कॉलेज में स्नातक प्रवेश की प्रक्रिया तकरीबन 25 फीसदी पूरी हुई है। 75 फीसदी सीटों पर प्रवेश अभी बाकी है। कॉलेज के प्राचार्य प्रो. अतुल कुमार सिंह ने बताया कि शीतकालीन अवकाश के दौरान बीच में कुछ दिनों के लिए प्रवेश रोक दिया गया था। दो जनवरी से कॉलेज खुलते ही प्रवेश प्रक्रिया तेजी से पूरी करा ली जाएगी। 15 जनवरी से स्नातक की कक्षाएं शुरू करने की तैयारी है।