Allahabad University : बिना अनुमति हॉस्टल में बाहरी की मौजूदगी घुसपैठ मानी जाएगी, की जाएगी दंडात्मक कार्रवाई
इलाहाबाद विश्वविद्यालय (इविवि) के छात्रावासों में बाहरी के अनधिकृत प्रवेश पर नियंत्रण व निरीक्षण व्यवस्था में कई अहम बदलाव करते हुए नियमों को सख्त किया गया है।
विस्तार
इलाहाबाद विश्वविद्यालय (इविवि) के छात्रावासों में बाहरी के अनधिकृत प्रवेश पर नियंत्रण व निरीक्षण व्यवस्था में कई अहम बदलाव करते हुए नियमों को सख्त किया गया है। अब छात्रावासों में अनधिकृत रूप से या बिना विधिवत सूचना एवं अनुमति के किसी बाहरी की मौजूदगी को घुसपैठ माना जाएगा। ऐसे लोगों के खिलाफ विधिक एवं दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। इसमें स्थानीय प्रशासन/पुलिस को सूचना देना और दंडात्मक प्रावधानों के अंतर्गत कार्रवाई शामिल होगी। इविवि के जीएन झा हॉस्टल में आपराधिक गतिविधियों के संचालन की शिकायत पर आठ कमरों को बाहरी लोगों के कब्जे से मुक्त कराके सील करने के बाद इविवि प्रशासन ने यह कदम उठाया है।
इविवि के अधिष्ठाता विद्यार्थी कल्याण (डीएसब्डल्यू) प्रो. हर्ष कुमार और चीफ प्रॉक्टर प्रो. राकेश सिंह ने हॉस्टल में रहने वाले छात्रों और वहां आने वाले लोगों के लिए दिशा-निर्देश जारी करते हुए कहा है कि कुलानुशासक मंडल या विवि प्रशासन कभी भी बिना पूर्व सूचना के छात्रावास परिसरों का निरीक्षण कर सकता है। अतिथियों को विवि में प्रवेश की अनुमति के लिए औपचारिकताएं पूरी करनी होंगी। पहले तो यह कि अतिथि छात्र के निमंत्रण पर आया हो, उसके पास वैध पहचानपत्र हो, उसका विवरण आगंतुक पंजिका में दर्ज किया गया हो, अधीक्षक से अनुमति प्राप्त हो, रजिस्टर में आगंतुक का नाम, पता, मोबाइल नंबर, छात्र से संबंध, प्रवेश एवं प्रस्थान का समय, जिस छात्र से मिलने आया है, उसका नाम और कक्ष संख्या दर्ज हो।
परिसर में रात्रि ठहराव पूरी तरह से वर्जित
प्रो. हर्ष कुमार और प्रो. राकेश कुमार ने स्पष्ट किया है कि आगंतुकों को केवल सुबह नौ से शाम सात बजे तक परिसर में ठहरने की अनुमति है। किसी भी आगंतुक का रात्रि ठहराव पूरी तरह से वर्जित है, सिवाय आपात परिस्थितियों के, जिनमें अधीक्षक की लिखित अनुमति लेनी होगी। कोई भी छात्र यदि किसी बाहरी व्यक्ति को परिसर में अनधिकृत रूप से प्रवेश कराता है या उसका विवरण छिपाता/गलत दर्ज करता है या नियमों का उल्लंघन करता है, तो उस छात्र के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी, जिसमें छात्रावास से निष्कासन, शोधवृत्ति स्थगन (यदि प्राप्त हो रही) या निलंबन तक की सिफारिश की जा सकती है।
हॉस्टलों में लगाए जाएंगे हाईटेक सीसीटीवी कैमरे
डीएसडब्ल्यू व चीफ प्रॉक्टर ने सभी हॉस्टलों के अधीक्षकों व संरक्षकों को पत्र जारी कर कहा है कि हॉस्टल परिसर में प्रवेश द्वार, मुख्य गलियारे, कॉमन रूम, वाचनालय, भोजनालय और प्रथम तल पर जाने वाली सीढ़ियों पर उच्च्च गुणवत्ता वाले सीसीटीवी कैमरे स्थापित किए जाएं। इन कैमरों की नियमित निगरानी व कार्यशीलता की साप्ताहिक समीक्षा की जाए और रिकॉर्डिंग न्यूनतम 30 दिनों तक संरक्षित रखी जाए।
एक ही गेट से होगा प्रवेश व निकास
छात्रावास परिसर में केवल एक ही द्वार से प्रवेश और निकास की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। अन्य द्वारों को स्थायी रूप से बंद अथवा निगरानी के अधीन रखा जाएगा, ताकि अनधिकृत आवागमन को रोका जा सके।
क्रियाशील रखे जाएं अग्नि सुरक्षा संबंधी उपकरण
छात्रावासों के अधीक्षकों और संरक्षकों से कहा गया है कि हॉस्टल में अग्नि-सुरक्षा संबंधी सभी आवश्यक उपकरण, जैसे- अग्निशमन यंत्र, बाल्टियां (रेत एवं पानी सहित), प्राथमिक अग्निशमन यंत्र आदि उपलब्ध एवं क्रियाशील स्थिति में रखे जाएं। समय-समय पर अग्निशमन अभ्यास (ड्रिल) की व्यवस्था कराई जाए। हर हॉस्टल में एक सुसज्जित प्राथमिक उपचार बॉक्स हमेशा उपलब्ध रहे। निकटवर्ती अस्पताल या चिकित्सा सुविधा केंद्र का नाम, पता एवं संपर्क विवरण छात्रावास के सूचना बोर्ड पर चस्पा किया जाए। आपातकालीन परिस्थितियों के लिए एक सक्रिय हेल्पलाइन नंबर निर्धारित किया जाए, जो 24 घंटे क्रियाशील हो।