इलाहाबाद विवि : सीयूईटी ने डुबो दी प्रवेश की लुटिया, बड़ी संख्या में खाली रह गईं स्नातक की सीटें
सीयूईटी का परिणाम इस बार काफी देर से आया, जिसकी वजह से प्रवेश भी देर से शुरू हुए। सीयूईटी का परिणाम आने के बाद इविवि ने अभ्यर्थियों के लिए पंजीकरण अनिवार्य कर दिया और यह शर्त रख दी कि बिना पंजीकरण के अभ्यर्थी इविवि एवं संघटक महाविद्यालयों में प्रवेश नहीं ले सकेंगे।
विस्तार
सेंट्रल यूनिवर्सिटी एंट्रेंस टेस्ट (सीयूईटी) ने इस बार इलाहाबाद विश्वविद्यालय (इविवि) और संघटक महाविद्यालयों में प्रवेश की लुटिया डुबो दी। इविवि ने तो वक्त रहते स्थिति संभाल ली, लेकिन कॉलेजों में बड़ी संख्या में सीटें खाली रह गईं। 20 अक्तूबर को प्रवेश की अंतिम तिथि है।
सीयूईटी का परिणाम इस बार काफी देर से आया, जिसकी वजह से प्रवेश भी देर से शुरू हुए। सीयूईटी का परिणाम आने के बाद इविवि ने अभ्यर्थियों के लिए पंजीकरण अनिवार्य कर दिया और यह शर्त रख दी कि बिना पंजीकरण के अभ्यर्थी इविवि एवं संघटक महाविद्यालयों में प्रवेश नहीं ले सकेंगे। सीयूईटी में शामिल बड़ी संख्या में अभ्यर्थियाें ने पंजीकरण कराया ही नहीं।
कॉलेजों में जब प्रवेश शुरू हुआ तो पंजीकृत अभ्यर्थियों की संख्या काफी कम थी। कॉलेजों को बीए, बीएससी, बीकॉम में प्रवेश के लिए अभ्यर्थी ही नहीं मिल रहे थे। ऐसे में इविवि की एकेडमिक काउंसिल को पंजीकरण की अनिवार्यता हटानी पड़ी। यहां तक उन अभ्यर्थियों को भी कॉलेज में प्रवेश की अनुमति दे दी गई, जो सीयूईटी में शामिल ही नहीं हुए थे।
कई कॉलेजों में आधे से ज्यादा सीटें खाली
इसके बाद भी बहुत सुधार नहीं हुआ। बीकॉम और बीएससी में तो प्रवेश के लिए अभ्यर्थी पहुंचे, लेकिन बीए में अब भी ज्यादातर सीटें खाली पड़ी हैं। सीएमपी डिग्री कॉलेज, एडीसी, ईश्वर शरण डिग्री कॉलेज, राजर्षि टंडन महिला महाविद्यालय, श्यामा प्रसाद मुखर्जी महाविद्यालय, आर्य कन्या डिग्री कॉलेज में तो बीए की 50 फीसदी से अधिक सीटें खाली हैं।
राजर्षि टंडन महिला महाविद्यालय और श्याम प्रसाद मुखर्जी महाविद्यालय में तो बीए की 70 से 80 फीसदी तक सीटें खाली हैं। इविवि के प्रवेश प्रकोष्ठ ने संघटक महाविद्यालयों में स्नातक प्रवेश की अंतिम तिथि 20 अक्तूबर निर्धारित की थी। शुक्रवार को काॅलेजों में प्रवेश का अंतिम दिन होगा और इसके बाद दाखिले की प्रक्रिया बंद कर दी जाएगी।
पिछले साल भी सीयूईटी के माध्यम से प्रवेश लेने के कारण सत्र पिछड़ गया था। सत्र लगातार प्रभावित होने के कारण इविवि की एकेडमिक काउंसलिंग में यह चर्चा भी हो गई कि अगले साल से स्नातक प्रवेश सीयूईटी के माध्यम से लिया जाए या नहीं। सीयूईटी के माध्यम से प्रवेश लेने पर इविवि को दोहरा नुकसान हुआ है। सत्र तो पिछड़ा ही है, बड़ी संख्या में सीटें भी खाली रह गई हैं।
21 अक्तूबर तक खुला रहेगा हाईकोर्ट का फोटो आइडेंटिफिकेशन सेंटर
इलाहाबाद हाईकोर्ट में 20 से 25 अक्तूबर तक दशहरे का अवकाश रहेगा। वहीं, हाईकोर्ट बार एसोसिएशन की ओर से संचालित फोटो आइडेंटिफिकेशन सेंटर 21 अक्तूबर तक खुला रहेगा। यह जानकारी संयुक्त सचिव प्रेस अमरेन्दु सिंह ने दी। उन्होंने बताया कि फोटो आइडेंटिफिकेशन सेंटर 22 से अक्तूबर से 24 अक्तूबर तक बंद रहेगा।