Prayagraj Airport : रनवे पर वायुसेना के फाइटर प्लेन की इमरजेंसी लैंडिंग, दो उड़ान डायवर्ट तो कई रहीं निरस्त
एयरपोर्ट के रनवे पर मंगलवार सुबह वायुसेना के एक फाइटर प्लेन की इमरजेंसी लैंडिंग हुई। इस वजह से विमानों का आवागमन रोक दिया गया। हवाई यातायात बाधित होने से एयरपोर्ट पर हड़कंप मच गया। इस दौरान सैन्य विमानों का भी आवागमन बाधित रहा।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
एयरपोर्ट के रनवे पर मंगलवार सुबह वायुसेना के एक फाइटर प्लेन की इमरजेंसी लैंडिंग हुई। इस वजह से विमानों का आवागमन रोक दिया गया। हवाई यातायात बाधित होने से एयरपोर्ट पर हड़कंप मच गया। इस दौरान सैन्य विमानों का भी आवागमन बाधित रहा। एयरपोर्ट आने वाली दिल्ली, मुंबई उड़ान लखनऊ के लिए डायवर्ट कर दी गई, जबकि मुंबई, दिल्ली, भुवनेश्वर जाने एवं बिलासपुर से आने वाली उड़ान निरस्त करनी पड़ी। बताया जा रहा है कि मंगलवार सुबह 11:30 बजे सेना के एक फाइटर प्लेन में तकनीकी खामी आ गई। पायलट ने एयर ट्रैफिक कंट्रोल से विमान उतारने की अनुमति मांगी। इसके बाद प्लेन रनवे पर उतारा गया।
चर्चा है फाइटर प्लेन सुखोई-30 था, हालांकि एयरफोर्स और एयरपोर्ट प्रशासन ने इसकी पुष्टि नहीं की। उधर, फाइटर प्लेन उतरने के बाद रनवे ब्लॉक हो गया। एयरपोर्ट पर विमानों की आवाजाही वायुसेना के रनवे से ही होती है। रनवे पर फाइटर प्लेन खड़ा होने से एयरपोर्ट पर 11:30 बजे के बाद विमानों का आवागमन नहीं हो सका। यहां सिर्फ इंडिगो के प्रयागराज-हैदराबाद विमान का ही आवागमन हुआ। यह विमान हैदराबाद से सुबह 9:00 बजे उड़ान भरकर 11:00 बजे पहुंचा था।
30 मिनट बाद यात्रियों को लेकर विमान वापस हैदराबाद चला गया। इसके अलावा एलाइंस एयर की दिल्ली-प्रयागराज उड़ान भी आई। यह विमान प्रयागराज से बिलासपुर के लिए रवाना हुआ लेकिन वापसी में उसे यहां उतरने की अनुमति नहीं दी गई। आसमान का चक्कर काटने के बाद अयोध्या की ओर डायवर्ट कर दिया गया लेकिन वहां भी उसे उतरने की अनुमति जब नहीं मिली तो वह विमान वापस बिलासपुर रवाना हो गया।
इंडिगो की मुंबई, दिल्ली की उड़ान डायवर्ट, 1200 से ज्यादा यात्री प्रभावित
विमानन कंपनी इंडिगो की दिल्ली-प्रयागराज, मुंबई-प्रयागराज उड़ान लखनऊ के लिए डायवर्ट कर दी गई। प्रयागराज-भुवनेश्वर, प्रयागराज-मुंबई और प्रयागराज-दिल्ली उड़ान इंडिगो ने निरस्त कर दी। वहीं, ब्लॉक हटने के बाद एलाइंस एयर की प्रयागराज-दिल्ली उड़ान यहां से टेकऑफ हुई। इसी तरह अकासा एयर की प्रयागराज से मुंबई एवं मुंबई से प्रयागराज उड़ान भी निरस्त कर दी गई। इससे यात्रियों को काफी परेशानी हुई। विमानों के निरस्तीकरण एवं डायवर्जन से तकरीबन 1200 यात्रियों के प्रभावित होने का अनुमान है।
एयरफोर्स का एक विमान रनवे पर निष्क्रिय (डिसेबल्ड) हो जाने के कारण खड़ा था। इसी वजह से एयरपोर्ट पर आने वाली कुछ उड़ानें निरस्त करनी पड़ी तो कुछ को डायवर्ट भी कर दिया गया। - मुकेश चंद्र उपाध्याय, निदेशक, प्रयागराज एयरपोर्ट
एक नियमित प्रशिक्षण मिशन पर गए लड़ाकू विमान ने एक ऑनबोर्ड इंडिकेशन के बाद प्रयागराज में एहतियातन लैंडिंग की। एयर क्रू और ग्राउंड स्टाफ ने स्थिति को पेशेवर तरीके से संभाला। इस वजह से यहां कोई हादसा नहीं हुआ। रनवे पर परिचालन अस्थायी रूप से प्रभावित तो हुआ लेकिन शाम पांच बजे सब सामान्य हो गया। - शांतनु प्रताप सिंह, जनसंपर्क अधिकारी, रक्षा मंत्रालय