Mahakumbh : आतंकी पन्नू की धमकी के बाद महाकुंभ में खुफिया तंत्र का विस्तार, सिविल ड्रेस में तैनात रहेगी पुलिस
सैकड़ों की संख्या में तैनात खुफिया पुलिसकर्मियों में 50 से अधिक महिला पुलिसकर्मी भी शामिल हैं। ये खुफिया पुलिसकर्मी गुपचुप तरीके से संदिग्धों के बारे में पता लगाएंगे। अगर कोई इनके रडार पर आता है तो यह अपनी-अपनी रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को भेजेंगे।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
खालिस्तानी आतंकी पन्नू की धमकी के बाद महाकुंभ में खुफिया तंत्र का विस्तार किया गया है। महाकुंभ मेले में सिविल वर्दी में लगभग 700 से अधिक पुलिसकर्मियों का खुफिया तंत्र रहेगा। यह तंत्र मेले में आने वाले सभी लोगों पर विशेष ध्यान रखेगा। साथ ही संदिग्धों का इनपुट भी जुटाएगा। इसके लिए महाकुंभ पुलिस खाका तैयार कर रही है। इनमें एटीएस, एलआईयू, इंटेलिजेंस ब्यूरो, थाना पुलिस समेत अन्य विंग के पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे।
हाल ही में आतंकी पन्नू की धमकी के बाद एडीजी लॉ एंड ऑर्डर अमिताभ यश ने महाकुंभ मेला क्षेत्र का दौरा कर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की थी। सूत्रों के मुताबिक, पूरे मेला क्षेत्र में खुफिया तंत्र को मजबूत करने के लिए पुलिस विभाग की ओर से खाका खींचा गया है। इसे देखते हुए एलआईयू, एटीएस समेत अन्य विंग के पुलिसकर्मियों की संख्या बढ़ाई गई है। इसमें महिला पुलिसकर्मियों को भी रखा गया है। यह खुफिया तंत्र मेले में आने वाले हर एक व्यक्ति पर नजर रखेगा।
बता दें कि खालिस्तानी आतंकी पन्नू की धमकी के पहले ही पुलिस विभाग की ओर से महाकुंभ में तैनात होने वाले पुलिसकर्मियों का रोस्टर जारी कर दिया गया था। लेकिन, अब इसमें बदलाव कर और भी पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है।
खुफिया तंत्र में 50 से अधिक महिला पुलिसकर्मी
सैकड़ों की संख्या में तैनात खुफिया पुलिसकर्मियों में 50 से अधिक महिला पुलिसकर्मी भी शामिल हैं। ये खुफिया पुलिसकर्मी गुपचुप तरीके से संदिग्धों के बारे में पता लगाएंगे। अगर कोई इनके रडार पर आता है तो यह अपनी-अपनी रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को भेजेंगे। इसके बाद तुरंत संबंधी पर कार्रवाई होगी। बता दें कि इनको देखकर कोई भी पता नहीं लगा सकेगा कि ये लोग पुलिस विभाग से हैं।
ड्रोन, एंटी ड्रोन और टेथर्ड ड्रोन से भी चेकिंग
एसएसपी मेला राजेश द्विवेदी ने बताया कि सुरक्षा के मद्देनजर जवानों को चौकन्ना किया गया है। मेला क्षेत्र में जगह-जगह पुलिस की तैनाती रहेगी। गलत इरादों से यहां कोई भी प्रवेश न कर सके, इसके लिए जिला प्रवेश के दौरान हर एक व्यक्ति की चेकिंग का इंतजाम किया गया है। सबसे जरूरी बात यह है कि संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए खुफिया दस्ते तैनात कर दिए गए हैं। तीन स्तरीय चेकिंग के बाद ही मेला क्षेत्र में प्रवेश मिलेगा। इसके अलावा ड्रोन, एंटी ड्रोन और टेथर्ड ड्रोन अपने स्तर पर अलग अलग मोर्चे पर तैनात किए गए हैं। देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए विशेष इंतजाम किया गया है।