प्रयागराज : पोस्टमार्टम के बाद सिपाही के शव को मथुरा भेजा, परिजन बोले- छुट्टी न मिलने पर की खुदकुशी
मथुरा के अरतौनी गांव का रहने वाला आकाश 2019 बैच का सिपाही था। मौजूदा समय में उसकी तैनाती पुलिस लाइन में थी। बुधवार शाम 5.30 बजे के करीब पुलिस लाइन परिसर में ही बने ऑटो गैराज के पास कारबाइन से उसने खुदकुशी कर ली।
विस्तार
पुलिस लाइन में कारबाइन से खुदकुशी करने वाले कांस्टेबल आकाश कुमार (29) के शव का बृहस्पतिवार को पोस्टमार्टम कराया गया। इसके बाद पुलिस सुरक्षा में शव को मथुरा भेज दिया गया। परिजन भी साथ में गए। परिजनों का आरोप था कि आकाश की पत्नी की तबियत खराब थी। उसे छुट्टी नहीं दी गई। इसी परेशानी में उसने खुदकुशी कर ली। एसएसपी का कहना है कि अगर शिकायत मिली तो जांच कराई जाएगी।
मथुरा के अरतौनी गांव का रहने वाला आकाश 2019 बैच का सिपाही था। मौजूदा समय में उसकी तैनाती पुलिस लाइन में थी। बुधवार शाम 5.30 बजे के करीब पुलिस लाइन परिसर में ही बने ऑटो गैराज के पास कारबाइन से उसने खुदकुशी कर ली। घर वालों को सूचना देकर अधिकारियों ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। पिता धनी सिंह तथा परिवार के अन्य लोग बृहस्पतिवार को पोस्टमार्टम हाउस पहुंच गए।
घरवालों ने आरोप लगाया कि छुट्टियां न मिलने से परेशान था। आकाश की पत्नी चंचल की तबियत काफी खराब है। उसके इलाज के लिए वह लंबी छुट्टी चाह रहा था लेकिन अधिकारियों ने छुट्टी मंजूर नहीं की थी। इसी कारण वह काफी परेशान चल रहा था। परिवार वालों के मुताबिक घर में और कोई बात नहीं थी। न ही कभी आकाश ने कुछ बताया था। वह लगभग प्रतिदिन ही फोन करता था लेकिन सोमवार के बाद उसने कोई फोन नहीं किया था।
आकाश के शव का पोस्टमार्टम बृहस्पतिवार को दिन में किया गया। इसके बाद सरकारी वाहन और सुरक्षा के साथ शव और परिजनों मथुरा भेज दिया गया। मथुरा में अरतौनी गांव में अंतिम संस्कार किया जाएगा।
घर वाले अगर कोई शिकायत करते हैं तो इसकी जांच कराई जाएगी। - शैलेश पांडेय, एसएसपी