UPPSC : कृषि सेवा के बाद अब अभियंत्रण सेवा के विज्ञापन की तैयारी, एई के 100 पदों का मिल चुका है अधियाचन
आयोग के वार्षिक कैलेंडर में कई दूसरी परीक्षाएं भी शाामिल की गई थीं, जिनके लिए आयोग को रिक्त पदों का अधियाचन तो मिल चुके हैं, लेकिन विभिन्न कारणों से परीक्षाओं का आयोजन अटका हुआ है। इसी वजह से आयोग ने इन भर्ती परीक्षाओं के लिए कोई तिथि निर्धारित नहीं की है।
विस्तार
उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) सम्मिलित राज्य कृषि सेवा परीक्षा-2024 का विज्ञापन जारी करने के बाद अब सम्मिलित राज्य अभियंत्रण सेवा परीक्षा के विज्ञापन की तैयारी कर रहा है। इस परीक्षा के लिए भी आवेदन जल्द ही शुरू होने की उम्मीद है।
आयोग को कई भर्तियों के लिए काफी पहले ही रिक्त पदों के अधियाचन मिल चुके हैं, लेकिन ज्यादातर भर्तियां समकक्ष अर्हता स्पष्ट न होने और परीक्षा योजना एवं पाठ्यक्रम संशोधन को शासन से मंजूरी मिलने के इंतजार में अटकी हैं। इन्हीं में से एक भर्ती सम्मिलित राज्य कृषि सेवा परीक्षा भी थी, जिसके संशोधित पाठ्यक्रम को शासन से मंजूरी मिलने के बाद आयोग ने 268 पदों पर भर्ती के लिए विज्ञापन जारी कर दिया।
इस भर्ती के लिए 10 अप्रैल से ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया भी शुरू हो चुकी है। अभ्यर्थियों को अब बाकी भर्तियां शुरू होने का इंतजार है। आयोग ने जब 12 जनवरी 2024 को वार्षिक कैलेंडर जारी किया था तो उसमें स्पष्ट उल्लेख था कि सम्मिलित राज्य कृषि सेवा परीक्षा और सम्मिलित राज्य अभियंत्रण सेवा भर्ती की परीक्षा योजना एवं पाठ्यक्रम के संदर्भ में शासन से अनुमोदन मिलने के बाद परीक्षाएं आरक्षित तिथियों में कराई जाएंगी।
आयोग ने राज्य कषि सेवा का विज्ञापन जारी कर दिया है, ऐसे में स्पष्ट है कि इस भर्ती को लेकर शासन से अनुमोदन मिल चुका है। आयोग को सम्मिलित राज्य अभियंत्रण सेवा परीक्षा के लिए भी सहायक अभियंता के 100 से अधिक पदों का अधियाचन मिल चुका है। आयोग के सूत्रों का कहना है कि इस भर्ती का विज्ञापन भी शीघ्र जारी किया जा सकता है।
आयोग के वार्षिक कैलेंडर में कई दूसरी परीक्षाएं भी शाामिल की गई थीं, जिनके लिए आयोग को रिक्त पदों का अधियाचन तो मिल चुके हैं, लेकिन विभिन्न कारणों से परीक्षाओं का आयोजन अटका हुआ है। इसी वजह से आयोग ने इन भर्ती परीक्षाओं के लिए कोई तिथि निर्धारित नहीं की है। आयोग को राजकीय डिग्री कॉलेजों में असिस्टेंट प्रोफेसर के 300 से अधिक पदों पर भर्ती के लिए अधियाचन मिल चुका है।
हालांकि, भर्ती की स्क्रीनिंग परीक्षा से संबंधित प्रस्तावित नियमावली को अभी शासन से मंजूरी नहीं मिली है, सो यह भर्ती अटकी हुई है। इसी तरह एलटी ग्रेड शिक्षक भर्ती, खंड शिक्षा अधिकारी भर्ती पर शासन स्तर से समकक्षता निर्धारण के बाद इन भर्तियों लिए विज्ञापन जारी किए जाएंगे। इनके लिए भी आयोग को रिक्त पदों का अधियाचन मिल चुका है। अभ्यर्थियों को भर्तियां शुरू होने का इंतजार है।