कार्रवाई : इलाहाबाद विवि में छेड़खानी मारपीट के आरोप में छात्र निलंबित
जामपुर, आगरा के रहने वाले शैतान सिंह के पुत्र गौरव यादव को जारी निलंबन और कारण बताओ नोटिस में कहा गया है कि उसने बुधवार को चीफ प्रॉक्टर ऑफिस के संगीत विभाग की कुछ छात्राओं से अभद्रता की। विरोध करने पर अपशब्दों का प्रयोग करते हुए संगीत विभाग के अंदर तक उनका पीछा किया।
विस्तार
इलाहाबाद विश्वविद्यालय (इविवि) में संगीत विभाग की छात्राओं के साथ छेड़खानी करने और छात्रों से मारपीट के आरोप में बीए तृतीय वर्ष के छात्र गौरव यादव को निलंबित कर दिया गया है। संगीत विभाग की छात्रा की ओर शिकायत दर्ज कराए जाने पर चीफ प्रॉक्टर प्रो. हर्ष कुमार ने यह कार्रवाई की।
जामपुर, आगरा के रहने वाले शैतान सिंह के पुत्र गौरव यादव को जारी निलंबन और कारण बताओ नोटिस में कहा गया है कि उसने बुधवार को चीफ प्रॉक्टर ऑफिस के संगीत विभाग की कुछ छात्राओं से अभद्रता की। विरोध करने पर अपशब्दों का प्रयोग करते हुए संगीत विभाग के अंदर तक उनका पीछा किया।
इसके बाद संगीत विभाग से निकलते समय अंग्रेजी एवं भूगोल विभाग के बीच रास्ते पर अपराह्न 2.50 बजे के आसपास अपने साथियों की मदद से कई छात्रों को रॉड और डंटे से मारापीटा और उस समय भी छात्राओं से अभद्रता की। चीफ प्रॉक्टर ने इसे अनुशासनहीनता मानते हुए गौरव यादव को तत्काल प्रभाव से विश्वविद्यालय से निलंबित कर दिया।
साथ ही उसे निर्देश दिया है कि वह अपने अभिभावक के साथ 17 अगस्त् को अपराह्न दो से तीन बजे के मध्य कुलानुशासक कार्यालय में उपस्थित होकर लिखित रूप से कारण बताए कि ऐसा क्यों किया। नोटिस में कहा गया है कि क्यों न इस कृत्य के लिए उसे विश्वविद्यालय से निष्कासित कर दिया जाए।