मंत्री आशीष पटेल : मेजा के पास बाइक सवार को बचाने में हुआ हादसा, हाथ-पैर में आई चोटें
आशीष पटेल बुधवार दोपहर 12:30 बजे प्रयागराज से मिर्जापुर के लिए रवाना हुए थे। कचरी गांव के सामने काफिले के सामने से बाइक चालक महिला को बैठाकर सड़क पार करने का प्रयास कर रहा था। इसे देख काफिले के आगे चल रहे स्कॉर्ट के वाहन चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिया।
विस्तार
करछना थाना क्षेत्र के कचरी गांव के सामने मिर्जापुर-प्रयागराज हाईवे पर बुधवार को बड़ा हादसा टल गया। प्रदेश के कैबिनेट मंत्री के काफिले में शामिल वाहन आपस में टकरा गए। इस दौरान फॉर्च्यूनर कार में बैठे कैबिनेट मंत्री आशीष पटेल जख्मी हो गए।
आशीष पटेल बुधवार दोपहर 12:30 बजे प्रयागराज से मिर्जापुर के लिए रवाना हुए थे। कचरी गांव के सामने काफिले के सामने से बाइक चालक महिला को बैठाकर सड़क पार करने का प्रयास कर रहा था। इसे देख काफिले के आगे चल रहे स्कॉर्ट के वाहन चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिया। जिससे कैबिनेट मंत्री का फॉर्च्यूनर कार अनियंत्रित होकर स्कॉर्ट गाड़ी में पीछे से टकरा गई।
हादसे में कैबिनेट मंत्री के हाथ व पांव में चोट आई है। घटना के बाद पांच मिनट ठहरकर कैबिनेट मंत्री दूसरी गाड़ी से मिर्जापुर के लिए रवाना हो गए। सूचना राष्ट्रीय राजमार्ग पर अपना दल एस के कार्यकर्ता जुट गए। पुलिस भी मौके पर पहुंच गई।
आज है मंत्री की शादी की सालगिरह
बुधवार को आशीष पटेल की शादी की सालगिरह भी है। उनकी पत्नी और मोदी सरकार में केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल ने बुधवार सुबह दो ट्वीट भी किए ते। जिसमें उन्होंने आशीष पटेल के साथ फोटो शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा था- “ज़िंदगी में रंग कई, वक़्त ने भर डाले साथ-साथ हमने क्या ख़ूब शौक़ पाले किसी एक के बस की बात न थी, सो मिलकर हमने ये मसले सम्भालें।” वहीं, एक दूसरे ट्वीट में लिखा- वक़्त गुज़रते,वक़्त नहीं लगता! चुटकी बजाते 14 साल गुज़र गए। एक-दूसरे का हाथ थामते वक़्त जीवन की अलग कल्पना मन में थी। क्या पता था ज़िंदगी हमारे सपनों में कुछ अलग रंग भर देगी। जीवन के टेढ़े-मेढ़े रास्तों पर चलते हुए हम दोनों ने कुछ खोया, कुछ पाया।