Prayagraj : गंगा पुल के लिए मिले 75 करोड़, इसी वर्ष के अंत तक काम पूरा करने का लक्ष्य
झूंसी को दारागंज से जोड़ने के लिए गंगा पर बनाए जा रहे एक और पुल का निर्माण इसी वर्ष पूरा हो जाएगा। इस पुल के लिए पूर्वोत्तर रेलवे की पिंक बुक में 75 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।
विस्तार
झूंसी को दारागंज से जोड़ने के लिए गंगा पर बनाए जा रहे एक और पुल का निर्माण इसी वर्ष पूरा हो जाएगा। इस पुल के लिए पूर्वोत्तर रेलवे की पिंक बुक में 75 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। कुल 377 करोड़ रुपये की लागत वाले इस पुल के सभी 24 पिलर बन जाने के साथ ही चार स्पान (लोहे का ढांचा) का भी काम पूरा हो चुका है, जबकि पांचवें स्पान का काम जारी है।
दरअसल बनारस-प्रयागराज जंक्शन रेलखंड के दोहरीकरण कार्य के साथ ही झूंसी को दारागंज से जोड़ने के लिए गंगा पर एक और नया पुल बनाया जा रहा है। रेल विकास निगम लिमिटेड (आरवीएनएल) की देखरेख में पिछले दो वर्षों से इस पुल का निर्माण चल रहा है। इस बार के रेल बजट में पुल निर्माण के लिए 75.05 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं। तकरीबन 1940 मीटर लंबेे इस रेल ब्रिज पर पिछले वर्ष अप्रैल माह में ही पहला गार्डर रखा गया। पुल निर्माण करवा रहे रेल विकास निगम लिमिटेड की तैयारी है कि दिसंबर 2023 तक पुल का निर्माण करवा दिया जाए। पुल के लिए कुल 25 पिलर बनाए गए हैं। हालांकि अभी कुछ पिलर अधूरे भी हैं।
पिछले वर्ष बाढ़ का पानी लंबे समय तक रहने की वजह से पुल निर्माण में थोड़ी बाधा जरूर आई, लेकिन नवंबर 22 के बाद इसके निर्माण कार्य ने तेजी पकड़ ली। इस दौरान माघ मेले के प्रमुख स्नान पर्व के दौरान भी पुल का निर्माण धीमी गति से हुआ। फिलहाल पुल पर लगाए जाने वाले 24 में से चार स्पान अब लगा लिए गए हैं। आरवीएनएल की तैयारी है इस वर्ष जुलाई तक ज्यादा से ज्यादा स्पान लगा दिए जाएं। फिलहाल रेल बजट में पुल के लिए मिले 75 करोड़ रुपये की धनराशि से इसके निर्माण की गति अब और तेज हो सकेगी।
पिछले वर्ष बाढ़ का पानी ज्यादा समय तक रहने से काम थोड़ा प्रभावित तो हुआ लेकिन नवंबर से पुल निर्माण तेज हो गया है। आने वाले दिनों में यह कार्य और तेज होगा। - वीके अग्रवाल, महाप्रबंधक, आरवीएनएल