Prayagraj : लकी ड्रा में कार का लालच देकर 68 हजार ठगे, मृत व्यक्ति के खाते से भी 37 हजार उड़ाए
निरंजन चौराहा की रहने वाली अंजली ने कुछ समय पहले एक ऑनलाइन शापिंग साइट से खरीदारी की थी। 18 नवंबर को उनके पास फोन आया कि उन्होंने जो खरीदारी की थी, उसका नंबर लकी ड्रा में निकला है। उन्हें इनाम में कार मिली है। अंजली से जालसाज ने कहा कि कार लेने के लिए उन्हें रजिस्ट्रेशन कराना पड़ेगा।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
कोतवाली थाना क्षेत्र के निरंजन चौराहे की रहने वाली एक युवती को लकी ड्रा में कार मिलने का लालच देकर साइबर ठग ने 68 हजार उड़ा दिए। इसी तरह करेली में पेंसिल पैक करने की नौकरी देने का झांसा देकर युवक से 16 हजार की ठगी की गई। दोनों ही मामलों में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
निरंजन चौराहा की रहने वाली अंजली ने कुछ समय पहले एक ऑनलाइन शापिंग साइट से खरीदारी की थी। 18 नवंबर को उनके पास फोन आया कि उन्होंने जो खरीदारी की थी, उसका नंबर लकी ड्रा में निकला है। उन्हें इनाम में कार मिली है। अंजली से जालसाज ने कहा कि कार लेने के लिए उन्हें रजिस्ट्रेशन कराना पड़ेगा। अंजली ने तुरंत 1750 रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर कर दिए। इसके बाद कभी गाड़ी के कागजात तो कभी रोड टैक्स के नाम पर जालसाज ने करीब 68 हजार रुपये ट्रांसफर करा लिए।
अंजली के खाते में रुपये खत्म हो गए थे। इसके बाद भी पैसे की डिमांड की जाती रही। अंजली ने इस पैसे वापस मांगे। कहा कि वह कार नहीं लेगी। इस पर जालसाज ने प्रक्रिया बंद कराने के लिए भी आठ हजार पांच सौ मांगे। अंजली समझ गई कि वह ऑनलाइन फ्राड का शिकार हो गई है। उसने कोतवाली थाने में 28 दिसंबर को रिपोर्ट दर्ज कराई।
इसी तरह करेली के रहने वाले जय नारायण निषाद के मोबाइल पर कुछ दिन पहले फोन आया। जालसाज ने खुद को एक बड़ी पेंसिल कंपनी का प्रतिनिधि बताया। उसने कहा कि पेंसिल पैक करने का काम है। 30 हजार रुपये महीने मिलेंगे। जय नारायण राजी हो गया। जालसाज ने पहले कार्ड बनाने के नाम पर 2500 रुपये मांगे। फिर धीरे-धीरे 16 हजार रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर करा लिए। आखिर में उसने छह हजार फिर मांगे तो जय नारायण ने 26 दिसंबर को करेली थाने में जालसाज के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई।
सिपाही के क्रेडिट कार्ड से डेढ़ लाख उड़ाए
रेलवे स्टेशन स्थित आरपीएफ थाने में सिपाही मान सिंह के क्रेडिट कार्ड से जालसाजों ने 15 नवंबर को डेढ़ लाख रुपये उड़ा दिए। मान सिंह ने 27 दिसंबर को खुल्दाबाद थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई।
मृत व्यक्ति के खाते से 37500 उड़ाए
करेली के जीटीबी नगर के इरफानुल हसन की मौत के बाद किसी ने फर्जी दस्तावेज लगाकर एटीएम बनवा लिया और उनके खाते से 37500 रुपये निकाल दिए। इरफानुल की पत्नी ने रिपोर्ट दर्ज कराई है।
जीटीबी नगर करेली के रहने वाले इरफानुल हसन को कुछ महीने पक्षाघात हो गया था। इलाज के दौरान 17 जून 2022 को उनकी मौत हो गई थी। इरफानुल हसन की पत्नी ने बैंक में खाता बंद करने का प्रार्थना पत्र दिया था, लेकिन बैंक ने कई महीने तक खाता बंद नहीं किया। इसी बीच किसी ने फर्जी दस्तावेज लगाकर एटीएम कार्ड इशू करा लिया और धीरे धीरे 37500 रुपये निकाल लिए। यह जानकारी इरफानुल की पत्नी को हुई तो उन्होंने 28 दिसंबर को करेली थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई।