UPRTOU : केंद्रों पर 65 हजार छात्र देंगे परीक्षा, राजर्षि टंडन मुक्त विश्वविद्यालय की परीक्षाएं 14 फरवरी से
उत्तर प्रदेश राजर्षि टंडन मुक्त विश्वविद्यालय के सत्र दिसंबर 2022 की परीक्षाएं 14 फरवरी से शुरू होने जा रहीं हैं। परीक्षाएं 31 मार्च को समाप्त होंगी। परीक्षाओं की निगरानी के लिए कंट्रोल रूम बनाया गया है।
विस्तार
उत्तर प्रदेश राजर्षि टंडन मुक्त विश्वविद्यालय के सत्र दिसंबर 2022 की परीक्षाएं 14 फरवरी से शुरू होने जा रहीं हैं। परीक्षाएं 31 मार्च को समाप्त होंगी। परीक्षाओं की निगरानी के लिए कंट्रोल रूम बनाया गया है। मुक्त विवि की कुलपति प्रो. सीमा सिंह ने बताया कि प्रयागराज, लखनऊ, बरेली, वाराणसी, गोरखपुर, आजमगढ़, झांसी, कानपुर, नोएडा, मेरठ, आगरा एवं अयोध्या क्षेत्रीय केंद्र से संबद्ध अध्ययन केंद्रों में नामांकित 65000 शिक्षार्थी प्रदेश भर में बनाए गए 147 केंद्रों में परीक्षा देंगे। परीक्षाएं दो पालियों में सुबह 10 से दोपहर एक और अपराह्न दो से शाम पांच बजे तक होंगी।
जेल बंदी परीक्षार्थी प्रदेश के आठ केंद्रीय कारागारों प्रयागराज, आगरा, आजमगढ़, गाजियाबाद, अयोध्या, बरेली, मेरठ एवं फतेहपुर में बनाए गए परीक्षा केंद्रों में ही परीक्षा देंगे। परीक्षा सामान्य प्रश्नपत्रों की तरह निबंधात्मक शैली में आयोजित की जाएगी, जिसकी समयावधि तीन घंटे की रहेगी। वहीं, ओएमआर शीट आधारित प्रश्नपत्रों की परीक्षा में वस्तुनिष्ठ प्रकार के प्रश्न पूछे जाएंगे और इसकी समयावधि दो घंटे की होगी।
परीक्षा से संबंधित समय सारिणी विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर अपलोड कर दी गई है। परीक्षा में शामिल होने वाले सभी शिक्षार्थियों के प्रवेश पत्र ऑनलाइन जारी कर दिए गए हैं। वे विश्वविद्यालय की वेबसाइट से प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकते हैं। परीक्षा नियंत्रक देवेंद्र प्रताप सिंह के अनुसार परीक्षा केंद्र के प्रवेश द्वार, गैलरी सहित प्रत्येक परीक्षा कक्ष में सीसीटीवी कैमरे लगवाए जा रहे हैं।
पारदर्शी तरीके से नकल विहीन परीक्षा कराने के लिए उड़ाका दल एवं पर्यवेक्षकों की टीम का गठन किया गया है। निगरानी के लिए विश्वविद्यालय में कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है, जहां परीक्षा केंद्रों के प्राचार्य, केंद्राध्यक्ष एवं केंद्र समन्वयक परीक्षा के दौरान कंट्रोल रूम से संपर्क बनाए रखेंगे। इसके साथ ही क्षेत्रीय केंद्रवार समस्या का समाधान करने के लिए परीक्षा विभाग के कर्मचारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है।