सनसनीखेज खुलासा : पत्नी की हत्या को दी थी 50 हजार की सुपारी, भाड़े के दो कातिलों समेत अधिवक्ता पति गिरफ्तार
राजीव ने घटना वाली रात पुलिस को सूचना दी थी कि पूजा करने के लिए जाने के दौरान रेशमी को बोलेरो ने कुचल दिया। उधर मायके वालों ने दहेज हत्या का आरोप लगाया।
विस्तार
अतरसुइया के भागवत बाग में चार दिन पहले रेशमी सोनकर की हत्या के मामले में सनसनीखेज खुलासा हुआ है। 50 हजार सुपारी देकर उसकी हत्या अधिवक्ता पति राजीव जुनेजा ने कराई थी। पुलिस ने पति समेत तीन को गिरफ्तार कर लिया है।
राजीव ने घटना वाली रात पुलिस को सूचना दी थी कि पूजा करने के लिए जाने के दौरान रेशमी को बोलेरो ने कुचल दिया। उधर मायके वालों ने दहेज हत्या का आरोप लगाया। पुलिस अफसरों ने बताया कि पति का बयान शुरू से ही संदेहास्पद था।
मृतक के मकान व आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगाला गया तो पता चला कि घटनास्थल पर कोई बोलेरो आई ही नहीं। यही नहीं, मृतका व वह घटना के वक्त घर से पैदल निकले ही नहीं। रात 1.46 मिनट पर उसकी कार घर से निकलते जरूर दिखाई दी। ऐसे में पति से कड़ाई से पूछताछ की गई तो कहानी सामने आ गई। इस पर उसे व फिरोज निवासी दरियाबाद तथा इरशाद को गिरफ्तार कर लिया गया।
20 हजार एडवांस दिए
राजीव ने बताया कि उसने पत्नी की हत्या के लिए दरियाबाद निवासी फिरोज अहमद से संपर्क किया। उसने अपने चचेरे भाई सैनी, कौशाम्बी निवासी इरशाद खान व नीवा निवासी फिरोज अहमद को सुपारी दी। हत्या की डील 50 हजार में हुई, जिसमें से 20 हजार एडवांस में दिए गए।
रॉड-हथौड़े से किया था वार
पुलिस के मुताबिक, जांच पड़ताल में यह बात सामने आई कि राजीव ने साजिश के तहत भाड़े के तीनों बदमाशों को आधी रात घर में दाखिल कराया। इसके बाद बदमाशों ने हथौड़े व रॉड से वारकर रेशमी की हत्या कर दी। फिर लाश को घटनास्थल पर ले जाकर उस पर कार चढ़ा दी। ताकि इसे हादसे का रूप दिया जा सके।
घटना में अधिवक्ता की बहन नताशा की भी संलिप्तता सामने आई है। उसकी व एक अन्य फरार हत्यारोपी फिरोज की तलाश की जा रही है। - शैलेश कुमार पांडेय, एसएसपी