Job : यूपी के 46 नए राजकीय महाविद्यालयों को मिले 241 शिक्षक, ऑफलाइन माध्यम से किया गया स्थानांतरण
प्रदेश में सत्र 2025-26 से शुरू होने जा रहे 46 नए राजकीय महाविद्यालयों को 241 शिक्षक मिल गए हैं। ऑफलाइन माध्यम से प्राचार्यों व प्रवक्ताओं को स्थानांतरित कर इन कॉलेजों में भेजा गया है।
विस्तार
प्रदेश में सत्र 2025-26 से शुरू होने जा रहे 46 नए राजकीय महाविद्यालयों को 241 शिक्षक मिल गए हैं। ऑफलाइन माध्यम से प्राचार्यों व प्रवक्ताओं को स्थानांतरित कर इन कॉलेजों में भेजा गया है। हालांकि, पहले 69 राजकीय कॉलेजों के लिए 325 शिक्षकों का ऑफलाइन माध्यम से तबादला किया गया था और स्थानांतरित शिक्षकों को नए कॉलेज आवंटित कर दिए गए थे लेकिन 14 जून को शासन की ओर से आदेश जारी किया गया कि 69 में से 46 महाविद्यालय राज्य सरकार द्वारा संचालित किए जाएंगे और बाकी के 23 महाविद्यालय पूर्व की भांति राज्य विश्वविद्यालयों के संघटक कॉलेजों के रूप में विश्वविद्यालय द्वारा संचालित किए जाते रहेंगे।
यह आदेश जारी होने के बाद उच्च शिक्षा निदेशालय को ऑफलाइन स्थानांतरण के आदेश में संशोधन करना पड़ा। निदेशालय ने जिन 325 शिक्षकों (प्राचार्य/प्रवक्ता) को स्थानांतरित करते हुए नए कॉलेज आवंटित किए थे, उनमें से 23 कॉलेजों के लिए स्थानांतरित 84 शिक्षकों में से 70 का स्थानांतरण निरस्त कर दिया और 14 शिक्षकों का तबादला अन्य राजकीय महाविद्यालयों में कर दिया।
ऐसे में अब 46 नए महाविद्यालयाें के लिए 241 शिक्षकों को ही स्थानांतरित करते हुए उन्हें कॉलेज आवंटित किए गए हैं। सत्र 2025-26 से इन नए कॉलेजों में समय से पढ़ाई शुरू हो सके, इसलिए अभी ऑफलाइन स्थानांतरण के माध्यम से 241 शिक्षकों को अस्थायी तौर पर भेजा गया है लेकिन जल्द ही इन कॉलेजों में नए शिक्षकों की भर्ती प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
प्रत्येक कॉलेज में 16 शिक्षकों के हिसाब से 46 कॉलेजों के लिए असिस्टेंट प्रोफेसर के 736 पदों का सृजन किया गया है। इन पदों पर उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग के माध्यम से भर्ती की जाएगी। उच्च शिक्षा निदेशक डॉ. अमित भारद्वाज ने बताया कि इन पदों पर भर्ती के लिए इसी माह लोक सेवा आयोग को रिक्त पदों का अधियाचन भेज दिया जाएगा। बाकी के 23 कॉलेजों में शिक्षक भर्ती का अधियाचन फिलहाल अभी नहीं भेजा जाएगा।
उच्च शिक्षा में 99 शिक्षकों का ऑनलाइन तबदला
उच्च शिक्षा विभाग के तहत राजकीय महाविद्यालयों के 99 शिक्षकों को उनकी पसंद के अनुरूप ऑनलाइन माध्यम से स्थानांतरण मिल गया है। स्थानांतरण संबंधी आदेश समर्थ पोर्टल पर अपलोड कर दिए गए हैं। उच्च शिक्षा निदेशक डॉ. अमित भारद्वाज ने बताया कि प्रत्येक वर्ष की भांति इस बार भी उत्तर प्रदेश राजकीय महाविद्यालयों के प्राध्यापकों द्वारा विभाग से प्राप्त लॉग इन आईडी पासवर्ड के माध्यम से ऑनलाइन स्थानांतरण के लिए आवेदन किए गए थे और अपनी सुविधानुसार उन्होंने तीन महाविद्यालयों का विकल्प दिया था। उच्च शिक्षा विभाग व एनआईसी के संयुक्त प्रयास से शिक्षकों को उनकी सुविधा के अनुसार मूल्याकंन एवं परीक्षण के बाद योग्यता के आधार पर स्थानांतरित कर दिया गया है।