प्रयागराज : 21000 बच्चे होंगे वायु सेना दिवस समारोह का हिस्सा, शहर के 96 स्थान तिरंगा लाइट से होंगे रोशन
वायु सेना दिवस के मौके पर आठ अक्तूबर को मुख्य कार्यक्रम के तहत परेड मैदान में एयर शो का आयोजन होगा। इससे पहले छह अक्तूबर को बमरौली स्थित वायु सेना के मध्य कमान परिसर में परेड का आयोजन होगा। इन आयोजनों में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू शामिल होंगी।
विस्तार
वायु सेना दिवस समारोह के अंतर्गत छह एवं आठ अक्तूबर को होने वाले आयोजनों में 21000 छात्र-छात्राएं भी हिस्सेदारी करेंगे। जिला प्रशासन और सेना के अफसरों संग बृहस्पतिवार को हुई बैठक में तीन अक्तूबर से ही रिहर्सल का निर्णय लिया गया।
वायु सेना दिवस के मौके पर आठ अक्तूबर को मुख्य कार्यक्रम के तहत परेड मैदान में एयर शो का आयोजन होगा। इससे पहले छह अक्तूबर को बमरौली स्थित वायु सेना के मध्य कमान परिसर में परेड का आयोजन होगा। इन आयोजनों में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू शामिल होंगी। इनके अलावा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राज्यपाल आनंदी बेन पटेल, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह समेत कई प्रमुख लोगों के शामिल होने की उम्मीद है।
इस आयोजन की तैयारी भी जोर-शोर से की जा रही है। इसी क्रम में मंडलायुक्त विजय विश्वास पंत, डीएम नवनीत सिंह चहल समेत अन्य प्रशासनिक अफसरों ने सेना के अफसरों संग बृहस्पतिवार को आयोजन स्थलों का निरीक्षण किया। इसके बाद शाम को बैठक हुई।
बैठक में तीन अक्तूबर से ही रिहर्सल करने का निर्णय लिया गया। इसके अलावा 21 हजार बच्चों को भी इन आयोजनों में शामिल करने का निर्णय लिया गया। 20 हजार बच्चे आठ अक्तूबर को परेड में आयोजित होने वाले एयर शो के रोमांच का हिस्सा होंगे। वहीं एक हजार बच्चे छह अक्तूबर को बमरौली में आयोजित परेड में शामिल होंगे। डीएम ने अफसरों को इसके लिए सभी तरह के इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
शहर में 96 स्थान भी चिह्नित किए गए हैं जो आयोजन के दौरान तिरंगा लाइट से रोशन होंगे। बैठक में सुरक्षा तथा अन्य इंतजाम पर भी विस्तार से चर्चा हुई। आयोजनों के दौरान एक मोटर एंबुलेंस के अलावा एसडीआरएफ की 23 तथा एनडीआरएफ के एक टीम भी मौजूद रहेगी।
बैठक में स्वास्थ्य, सफाई, पानी, मोबाइल टॉयलेट आदि बिंदुओं पर भी विस्तार से चर्चा हुई और डीएम ने आवश्यक निर्देश दिए। बैठक में पीडीए के उपाध्यक्ष अरविंद सिंह चौहान, एडीएम वित्त एवं राजस्व जगदंबा सिंह, एडीएम सिटी मदन कुमार, एडीएम मेला दयानंद, सिटी मजिस्ट्रेट सत्यप्रिय सिंह आदि मौजूद रहे।
10 किमी की परिधि में लेजर लाइट, ड्रोन पर रहेगा प्रतिबंधित
आयोजन के मद्देनजर संगम क्षेत्र की 10 किमी की परिधि में ड्रोन एवं पतंग उड़ाने तथा लेजर लाइट का इस्तेमाल प्रतिबंधित रहेगा। इसके अलावा पुल, आसपास के टाॅवर, ऊंची इमारतें आदि पर वार्निंग लाइट तथा बिजली के तारों पर लोकेटर बॉल लगाए जाएंगे।