Aligarh: युवक को चाकुओं से गोदा, मौत पर परिवार ने जाम लगाकर किया प्रदर्शन, हत्या का आरोप, मंगेतर भी गमगीन
युवक की चाकुओं से गोदकर जख्मी कर दिया गया था। उपचार के दौरान युवक की मौत हो गई। परिवार वालों ने शव को सड़क पर रख कर जमकर प्रदर्शन किया और हत्यारोपियों को फांसी देने की मांग की। किसी तरह पुलिस ने परिवार को समझाकर शांत किया और शव अंतिम संस्कार के लिए भेजा।
विस्तार
अलीगढ़ महानगर के सासनी गेट के भगवान नगर पला इलाके के युवक की चाकुओं के हमले में जख्मी होने पर मौत हो गई। रुपयों के विवाद में हुए हत्याकांड में 16 मार्च को परिवार शव पोस्टमार्टम के बाद घर ले जाते समय भडक़ गया और हाथरस अड्डे पर शव सड़क पर रखकर जाम लगा दिया। हमले में जेल भेजे गए आरोपी के अलावा अन्य की गिरफ्तारी की मांग करते हुए डेढ़ घंटे तक हंगामा किया। किसी तरह पुलिस ने परिवार को समझाकर शांत किया और शव अंतिम संस्कार के लिए भेजा।
बताया गया है कि भगवान नगर का अतुल उर्फ बादल चार भाई बहनों में दूसरे नंबर का था। उसकी मंदिर नगला की युवती से पिछले दिनों मंगनी हो गई थी। वह खुद कैफे चलाता था। पिछले दिनों एक परिचित युवक कैफे पर खाते में रुपये डलवाने आया था। उस समय किसी तरह गलत ट्रांजक्शन हो गया। इस दौरान 1.70 लाख रुपए मोहल्ले के ही रामू के खाते में ट्रांसफर हो गए। इस पर अतुल ने रामू से रुपये वापस मांगे तो वह टहलाने लगा। इसे लेकर विवाद भी हुआ।
आरोप है कि दस मार्च की शाम रामू ने अतुल को रुपये देने के लिए बुलाया और फिर उसे कार में बैठाकर बाबा नीम करौली धाम के पीछे खेत में ले गए। वहां चाकू से प्रहार कर गर्दन जख्मी कर दी। बाद में मरणासन्न हालत में वहीं छोडक़र भाग गए। इस खबर पर परिवार व पुलिस पहुंच गई। घायल को क्वार्सी के ट्रामा सेंटर में भरती कराया गया। साथ में रामू व उसके अज्ञात साथियों पर मुकदमा दर्ज कर लिया। 15 मार्च रात अतुल की मौत हो गई। इसके बाद 16 मार्च सुबह पोस्टमार्टम के बाद परिजन शव लेकर जा रहे थे। तभी हाथरस अड्डे के पास शव सडक़ पर रखकर जाम लगा दिया। परिवार हत्या में शामिल सभी चार-पांच आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग करने लगा। इस दौरान डेढ़ घंटे तक हंगामा चला और पुलिस से नोकझोंक हुई।
जनता ने शव लेकर आई एंबुलेंस को आड़ा तिरछा खड़ा कर रखा था। उसकी पुलिसकर्मियों ने चाभी निकाल ली। उसे लेकर भी नोकझोंक हुई। किसी तरह सीओ ने समझाकर शांत किया और चौबीस घंटे का भरोसा दिलाया। तब जाकर हाम खुला। सीओ प्रथम के अनुसार इस मामले में रामू को घटना के अगले दिन ही गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। अब उस पर हत्या की धारा बढ़ाई गई है। रहा सवाल परिवार के आरोपों का तो सीसीटीवी फुटेज में अकेला रामू कैद पाया गया है। रामू ने अब तक की पूछताछ में अकेले ही ले जाने और कांच की बोतल से हमला करना स्वीकारा है। बाकी आरोपों की जांच की जा रही है।
जाम लगाने वालों पर पुलिस ने लिखा मुकदमा
हाथरस अड्डा पर जाम लगाने, रोकने पर सरकारी कार्य में बाधा पैदा करने व अराजक माहौल पैदा करने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया है। सीओ प्रथम अभय पांडेय के अनुसार इलाका दरोगा धर्मेंद्र कुमार की ओर से हरेंद्र, मुकेश, मदनलाल, हेमंत, लखन, गौरव, प्रमोद व पुष्पा को नामजद व अन्य अज्ञात आरोपियों पर यह मुकदमा दर्ज किया गया है। जिसमें आरोप है कि इनके द्वारा जाम लगाए जाने से अराजक माहौल पैदा होने, बाजार बंद होने, अफरा तफरी मचने, ठेल ढकेल वालों में भगदड़ मची। पुलिस द्वारा रोके जाने पर सरकारी कार्य में बाधा पैदा की गई।
मंगेतर भी पहुंची मौके पर
जाम स्थल पर युवक की मंगेतर भी पहुंची। उसका भी रो-रोकर बुरा हाल था। उसे किसी तरह समझाकर शांत किया और वापस साथ ले गए।
इस मामले में एक आरोपी अभी तक सामने आया है। उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। परिवार की आशंका अन्य लोगों को लेकर है, उसमें जांच की जा रही है।-अभय पांडेय,सीओ प्रथम