अलीगढ़: अस्पताल में महिला की मौत पर परिजनों का हंगामा, प्रबंधन-चिकित्सकों पर लापरवाही बरतने का आरोप
अलीगढ़ के वरुण हॉस्पिटल में इलाज के दौरान महिला की मौत हो गई। मौत के बाद परिजनों ने जमकर हंगामा किया। परिजनों का आरोप है कि ऑपरेशन के बाद मरीज को सीधे वेंटिलेटर पर डाल दिया गया और इस दौरान आपातकालीन स्थिति में भी कोई सीनियर डॉक्टर मौके पर मौजूद नहीं था, बल्कि फोन पर ही निर्देश दिए जा रहे थे।
विस्तार
अलीगढ़ के वरुण हॉस्पिटल में इलाज के दौरान 42 वर्षीय माया देवी निवासी दोहरी नगर की मंगलवार सुबह मौत हो गई। परिजनों और तीमारदारों ने अस्पताल परिसर में हंगामा किया और अस्पताल प्रबंधन तथा चिकित्सकों पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाया।
मृतका की देवरानी वंदना ने जानकारी देते हुए बताया कि उनकी जेठानी माया देवी को 13 नवंबर को आयुष्मान कार्ड के जरिए वरुण हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था, जहां पित्त की थैली में पथरी होने के कारण 14 नवंबर को उनका ऑपरेशन किया गया। परिजनों का आरोप है कि ऑपरेशन के ठीक अगले दिन यानी 15 नवंबर की सुबह 7:00 बजे ही अस्पताल ने यह कहकर मरीज को डिस्चार्ज कर दिया कि वह बिल्कुल सामान्य हैं।
परिजनों का कहना है कि घर ले जाने के बाद मरीज की स्थिति बेहद खराब थी; वह पानी तक नहीं पचा पा रही थीं और लगातार उल्टी कर रही थीं। जब परिजनों ने अस्पताल से संपर्क किया, तो कथित तौर पर यह कहकर टाल दिया गया कि आयुष्मान कार्ड का पैकेज पूरा हो चुका है। परिजनों ने कैश भुगतान कर प्राइवेट रूम में इलाज जारी रखने की बात भी कही, लेकिन आरोप है कि अस्पताल ने समय पर उचित ध्यान नहीं दिया।
इलाज में कोई लापरवाही नहीं की गई। परिजनों के लगाए गए आरोप निराधार हैं। महिला के आंत में छेद था इससे उसकी मृत्यु हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्थिति स्पष्ट हो जाएगी।-संजय भार्गव, संचालक, वरुण हॉस्पिटल, अलीगढ़
बिना सहमति और स्पष्टता के दोबारा ऑपरेशन का दावा
परिजन जब मरीज की हालत बिगड़ने पर उन्हें दूसरे (रूसा) अस्पताल लेकर गए और वहां स्थिति गंभीर देख वापस वरुण हॉस्पिटल लाए, तो डॉक्टरों ने उन्हें दोबारा आईसीयू में भर्ती कर लिया। रूसा अस्पताल के डॉक्टरों ने यह कहकर मना कर दिया था कि जिस डॉक्टर ने ऑपरेशन किया है, मरीज को उसी के पास ले जाओ। परिजनों का यह भी आरोप है कि डॉक्टरों ने बिना किसी स्पष्ट रिपोर्ट या पुष्टि के "पेट फाड़कर" दोबारा ऑपरेशन करने की बात कही। ऑपरेशन थिएटर के बाहर मौजूद रहने के बावजूद परिजनों को यह तक नहीं बताया गया कि कौन सा डॉक्टर अंदर ऑपरेशन करने गया है।
वेंटिलेटर पर और इलाज के दौरान लापरवाही के आरोप
परिजनों का आरोप है कि ऑपरेशन के बाद मरीज को सीधे वेंटिलेटर पर डाल दिया गया और इस दौरान आपातकालीन स्थिति में भी कोई सीनियर डॉक्टर मौके पर मौजूद नहीं था, बल्कि फोन पर ही निर्देश दिए जा रहे थे। इसके अलावा लैब रिपोर्ट्स में हीमोग्लोबिन के स्तर और अन्य जांचों में भी गड़बड़ी के आरोप लगाए गए हैं। मंगलवार सुबह इलाज के दौरान महिला की मौत हो गई, जिसके बाद परिवार में कोहराम मच गया। घटना की सूचना मिलने के बाद क्वार्सी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई और जांच शुरू कर दी है।
