फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Aligarh News ›   we want MSP, not begging

भीख नहीं, एमएसपी की गारंटी दो, चाहें सब सुविधाएं छीन लो

Thu, 24 Dec 2020 01:24 AM IST
अलीगढ़ ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़ Published by: अलीगढ़ ब्यूरो Updated Thu, 24 Dec 2020 01:24 AM IST
विज्ञापन
we want MSP, not begging
पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह की जयंती पर आयोजित किसान सम्मान दिवस - फोटो : amar ujala
तीन नए कृषि कानूनों के विरोध के बीच बुधवार को पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह की जयंती को किसान सम्मान दिवस के तौर पर मनाकर शासन-प्रशासन ने किसानों को साधने का प्रयास किया। मगर, उनका प्रयास सफल नहीं हुआ। किसानों ने समारोह में जमकर हंगामा किया। अधिकारियों और विधायक के सामने सवालों की लंबी लिस्ट रख दी।
विज्ञापन


किसानों ने दो टूक कहा कि सरकार से भीख नहीं चाहिए। सिर्फ उनकी फसलों की एमएसपी की गारंटी दी जाए। समय पर क्रय केंद्रों पर उसी के अनुसार खरीद हो। बाकी जितनी भी सुविधाएं सरकार दे रही है, उनको छीन ले। बाद में विधायक ठा. दलवीर सिंह ने किसानों को आश्वासन दिया कि वह विधानसभा में उनकी समस्याओं को उठाएंगे। कार्यक्रम में 94 प्रगतिशील किसानों को सम्मानित किया गया।
विज्ञापन


पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह की जयंती बुधवार को किसान सम्मान दिवस के रूप में मनाई गई। कृषि विभाग के तत्वाधान में कार्यक्रम क्वार्सी स्थित कृषि फार्म हाउस पर हुआ। विधायक ठा. दलवीर सिंह और भाजपा जिलाध्यक्ष चौधरी ऋषिपाल सिंह ने कृषि गोष्ठी एवं मेले का शुभारंभ किया।
विज्ञापन
विज्ञापन


इस दौरान विधायक द्वारा सरकार की उपलब्धियों एवं विकास योजनाओं को गिनाया ही जा रहा था कि भाकियू टिकैत के महासचिव वीरेंद्र सिंह ने हंगामा शुरू कर दिया और विधायक से सवाल दाग दिया कि आखिर किसानों को दिल्ली जाने से क्यों रोका जा रहा है। जिकरपुर किसान आंदोलन को याद कराते हुए कहा कि क्या सरकार एक बार फिर से उसी आंदोलन को देखना चाहती है। क्या किसानों की बलि लेने के बाद ही कृषि कानूनों को वापस लिया जाएगा।

इसी बीच एक अन्य किसान ने कहा कि यूरिया की कालाबाजारी अभी खत्म नहीं हो रही है। भारतीय किसान यूनियन भानु के जिलाध्यक्ष ठा. अशोक सिंह ने कहा कि किसान आखिर कब तक मूकदर्शक बना रहेगा। इन सब सवालों के जवाब जैसे-तैसे विधायक दे ही रहे थे कि हंगामा बढ़ता गया। लोधा जोफरी के किसान मुकेश गौड़ ने विधायक से कहा कि किसानों को भीख में कुछ नहीं चाहिए। सरकार सभी सुविधाएं छीन ले। सिर्फ किसान की सभी फसलों पर एमएसपी तय कर दे। सर्वे कराकर एमएसपी निर्धारित की जाए।

धान की कम कीमत पर बिफरे किसान
किसानों ने एक सुर में कहा कि क्रय केंद्रों पर धान की खरीद नहीं की गई। अगर हुई भी तो 1500 से 1800 रुपये के बीच का भाव रखा गया। अब भाव बढ़ा दिया गया है, जबकि किसान अपना धान व्यापारियों को बेच चुका है। ऐसे में भाव बढ़ाने की सीधी मंशा है कि व्यापारियों को लाभ दिया जाए। इस पर विधायक दलवीर सिंह ने कहा कि उनका भी धान रखा है। कम भाव के चलते अभी तक धान नहीं बेचा है। किसानों को सब्र रखना चाहिए। गन्ना किसानों ने साथा चीनी मिल की समस्या रख दी। कई किसानों ने भुगतान न होने की शिकायत की। इस पर डीसीओ सुभाष यादव ने तत्काल किसानों की समस्याओं को दर्ज करते हुए दो दिन में निस्तारण का वादा किया।

चरण सिंह के बहाने शांत किए किसान
हंगामा बढ़ता देख भाजपा विधायक दलवीर सिंह और जिलाध्यक्ष ऋषिपाल सिंह ने चौधरी चरण सिंह पर बोलना शुरू कर दिया। उन्होंने कहा कि आज का दिन चौधरी साहब के प्रति श्रद्धा भाव, आदर एवं सम्मान अर्पित करने का है। वह कहते थे कि देश की समृद्धि एवं खुशहाली का रास्ता गांव के खेत एवं खलिहानों से होकर गुजरता है, नेता चाहे कितना भी अच्छा हो, कितनी ही अच्छी योजनाएं लागू की जाएं, यदि लोग भ्रष्ट होंगे तो देश कभी तरक्की नहीं कर सकता। वर्तमान सरकार किसान हित में ठोस एवं प्रभावी कदम उठा रही है। किसानों की हर बात सुनने एवं मानने को तैयार है। भाजपा जिलाध्यक्ष ऋषिपाल सिंह ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह ने अपना सारा जीवन खेत-खलिहान और किसान हित में समर्पित कर दिया।

किसानों को गिनाईं योजनाएं
उप निदेशक कृषि अनिल कुमार ने किसानों को बताया कि उनके हित में किसान सम्मान निधि, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, किसान ऋण मोचन योजना चलाई जा रही है। केवीके कलई के प्रभारी डा. वीके सारस्वत ने कहा कि अंधाधुंध खाद डालने से जमीन एवं फसलों के पोषक तत्व नष्ट हो रहे हैं। उर्वरक से मानव शरीर के स्वास्थ्य प्रतिकूल प्रभाव देखने को मिल रहे हैं।

दो किसानों को निशुल्क ट्रैक्टर दिए
मुख्यमंत्री कृषक उपहार योजना में किसान धर्मपाल निवासी ग्राम मदनपुर छवीला और जलालुद्दीन निवासी नगला रिसालदार को लकी ड्रा के माध्यम से चयन के बाद निशुल्क ट्रैक्टर प्रदान किया गया। विधायक दलवीर सिंह एवं जिलाध्यक्ष चौधरी ऋषिपाल सिंह ने लाभार्थी किसानों को ट्रैक्टर की चाबियां सौंपी। उपनिदेशक मंडी एनके मलिक एवं मंडी सचिव अशोक कुमार सोलंकी मौजूद रहे। वहीं, जय दुर्गे कृषक सहायता समिति, ग्राम जगतपुर नहल, माता जय दुर्गे कृषक सहायता समिति बरौठ छजमल और बृज किसान उत्पादक कंपनी ग्राम शेखा के समूह संचालकों को 12-12 लाख रुपये के अनुदान पर ट्रैक्टर की चाबियां सौंपी गईं।

94 कृषकों का हुआ सम्मान
समारोह में सर्वाधिक गेहूं उत्पादन के लिए रामबृजेश एवं कृष्ण गोपाल सिंह, सरसों उत्पादन के लिए जयपाल सिंह एवं कारे सिंह, अरहर के लिए बबलू शर्मा, लोटन सिंह और धान के लिए चंद्रवती देवी व देवराज को प्रथम एवं द्वितीय पुरस्कार स्वरूप 7000 एवं 5000 रुपये देकर सम्मानित किया गया। आलू उत्पादन के लिए मुकेश गौड़ को सम्मानित किया गया।

औषधीय फसलों के अग्रणी उत्पादक किसान लाल सिंह, भगवान सिंह, सतीश तोमर, गजराज सिंह, राजन सिंह, रामगोपाल, दिनेश, हरदेव सिंह, जैव उर्वरकों द्वारा फल एवं मसाले उत्पादन के लिए रामजीलाल, जैव उर्वरकों द्वारा औषधि एवं मसाला उत्पादन के लिए ध्यानपाल सिंह, महेंद्रपाल सिंह, महेश चंद्र, राकेश कुमार, रश्मि शर्मा, किशनलाल, चंद्रपाल आदि 94 किसानों को सम्मानित किया गया।

कृषि फार्म हाउस में पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह की जयंती पर आयोजित किसान सम्मान दिवस। किस?

कृषि फार्म हाउस में पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह की जयंती पर आयोजित किसान सम्मान दिवस। किस?- फोटो : CITY OFFICE

 

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed