खैर उपचुनाव: जनसभा में आज गरजेंगे सीएम, फिर चर्चा में आ सकता है योगी का ''बंटेंगे तो कटेंगे'' बयान
खैर विधानसभा सीट पर हो रहे उपचुनाव में 20 नवंबर को मतदान है। प्रत्याशियों के समर्थन में दलों के बड़े नेताओं के कार्यक्रम तय हो गए हैं। इसी के तहत नौ नवंबर को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भाजपा प्रत्याशी सुरेंद्र दिलेर के समर्थन में जनसभा करेंगे।
विस्तार
भाजपा के फायर ब्रांड नेता एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज खैर में जनसभा को संबोधित करेंगे। योगी का ''बंटेंगे तो कटेंगे'' बयान इन दिनों चर्चा में है। इसके साथ ही जाट बाहुल्य क्षेत्र में राजा महेंद्र प्रताप सिंह का नाम भी गूंज सकता है, इसके साथ ही सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद एएमयू के अल्पसंख्यक स्वरूप का मुद्दा भी उठ सकता है। इसके साथ ही खैर का सियासी ताप बढ़ जाएगा, जो आगामी कुछ दिन तक बना रहेगा। क्योंकि 14 नवंबर को सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव की जनसभा है और कांग्रेस तथा बसपा के कद्दावर नेता भी यहां पहुंचेंगे।
खैर विधानसभा सीट पर हो रहे उपचुनाव में 20 नवंबर को मतदान है। प्रत्याशियों के समर्थन में दलों के बड़े नेताओं के कार्यक्रम तय हो गए हैं। इसी के तहत नौ नवंबर को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भाजपा प्रत्याशी सुरेंद्र दिलेर के समर्थन में जनसभा करेंगे। 14 नवंबर को समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव सपा प्रत्याशी चारू कैन के समर्थन में सभा करेंगे। इसी तरह कांग्रेस नेता राहुल गांधी तथा बसपा सुप्रीमो मायावती की जनसभा कराने के भी प्रयास चल रहे हैं।
जनसभा स्थल के मुख्य द्वार पर अतिक्रमण, मंच के पीछे गंदगी
खैर कोतवाली के सामने मैदान में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की जनसभा होगी। जनसभा स्थल के मुख्य द्वार पर खोखे रखे हैं, जिससे लोगों का आवागमन प्रभावित होगा। देर शाम तक खोखे नहीं हटाए गए थे। इसी तरह जिस मंच से मुख्यमंत्री संबोधित करेंगे उसके पीछे कूड़े के ढेर लगे हैं। हालांकि देर रात तक मैदान में टेंट लगाने तथा साफ-सफाई का कार्य चलता रहा। भाजपा जिलाध्यक्ष कृष्ण पाल सिंह लाला ने बताया कि सुबह तक सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त कर ली जाएंगी।
जनसभा स्थल से 11 किमी दूर उतरेगा योगी का हेलिकॉप्टर
मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर जनसभा स्थल से 11 किलोमीटर दूर करसुआ स्थित आईटीएम कॉलेज में उतरेगा। वहां से सड़क मार्ग से होकर मुख्यमंत्री जनसभा स्थल तक पहुंचेंगे। पार्टी कार्यालय की ओर से जारी कार्यक्रम में सीएम का हेलीकॉप्टर जनसभा स्थल पर उतरना था, लेकिन स्थान न मिलने पर वहां से 11 किमी दूर हेलीकाॅप्टर उतरेगा।