{"_id":"665b8ce413994ad6330acc47","slug":"the-sixth-worker-injured-in-the-furnace-accident-also-died-in-delhi-aligarh-news-c-114-1-sali1013-100900-2024-06-02","type":"story","status":"publish","title_hn":"मनकामेश्वर फैक्टरी अग्निकांड: एक और मजदूर की मौत, हादसे में मरने वालों की संख्या हुई छह","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
मनकामेश्वर फैक्टरी अग्निकांड: एक और मजदूर की मौत, हादसे में मरने वालों की संख्या हुई छह
Sun, 02 Jun 2024 02:34 AM IST
अलीगढ़ ब्यूरो
अमर उजाला नेटवर्क, अलीगढ़
अमर उजाला नेटवर्क, अलीगढ़
Updated Sun, 02 Jun 2024 02:34 AM IST
विज्ञापन
मृतक पप्पू पाल और उनकी पत्नी को चेक देते फैक्टरी प्रबंधन
- फोटो : फाइल फोटो
तालानगरी स्थित लोहा गलाने वाली भट्ठी में 24 मई की शाम हुए विस्फोट और उसके बाद आग लगने की घटना में घायल एक और मजदूर की मौत हो गई। घायल मजदूर पप्पू पाल (44) का दिल्ली के राम मनोहर लोहिया अस्पताल में इलाज चल रहा था। इससे हादसे में मरने वालों की संख्या अब छह हो गई है। पोस्टमार्टम के बाद 1 जून की शाम करीब चार बजे उनका शव गांव पहुंचा, जहां से परिजन शव को गंगा घाट ले गए और अंतिम संस्कार किया। वहीं फैक्टरी मालिक की ओर से मृतक की पत्नी को बीस लाख रुपये का चेक सौंपा गया।
विज्ञापन
तालानगरी के सेक्टर दो स्थित मनकामेश्वर फैक्टरी में लोहा गलाकर उसकी इंगट बनाई जाती हैं। इसके लिए कबाड़ का लोहा भट्ठी में उच्च तापमान पर गलाकर उसकी सिल्लियां बनाकर बेची जाती हैं। 24 मई की शाम भट्ठी में डाले गए कबाड़ में विस्फोटक सामग्री चली जाने से तेज धमाके के साथ भीषण आग लग गई थी। इससे मेल्टर सुभाष चौहान व हेल्पर सतीश कुमार की मौके पर ही जिंदा जलकर मौत हो गई थी। उसी दिन देर रात उपचार के दौरान हरि बाबू ने भी दम तोड़ दिया था।
विज्ञापन
अगले ही दिन बुरी तरह घायल चार मजदूरों को दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल और राम मनोहर लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इनमें मुकेश उर्फ कालीचरण (50) ने 27 मई की शाम, धर्मेंद्र (47) ने बुधवार 29 मई की सुबह तथा पप्पू पाल (44) ने शुक्रवार 31 मई की रात उपचार के दौरान अस्पताल में दम तोड़ दिया। सातवें घायल मजदूर सुमित सोलंकी का राम मनोहर लोहिया में उपचार चल रहा है। परिजनों का कहना है कि डाॅक्टरों ने उनकी हालत खतरे से बाहर बताई है।
विज्ञापन
बुलंदशहर से आकर ससुराल में बस गए थे पप्पू पाल
पप्पू पाल करीब 23 वर्ष से इस फैक्टरी में काम कर रहे थे। मूलरूप से बुलंदशहर जनपद के छतारी थाना क्षेत्र के गांव नगला कसबा निवासी पप्पू पाल पुत्र छिद्दू सिंह तीन भाइयों में मझले थे। हरदुआगंज के गांव बैरामगढ़ी निवासी नीलम पुत्री प्रेमपाल सिंह से विवाह हुआ था। तीन बेटे आकाश, विकास और दीपक हैं। वर्तमान में वह हरदुआगंज के मोहल्ला जहांगीराबाद में मकान बनाकर परिवार सहित रह रहे थे। उनके निधन पर परिवार सहित गांव में शोक की लहर दौड़ गई। क्षेत्रीय विधायक ठा. जयवीर सिंह ने मृतक के परिवार वालों से मिलकर उन्हें सांत्वना दी। मृत धर्मेंद्र और घायल सुमित सोलंकी के परिवार वालों से भी मिलकर घटना पर दुख जताया। नपं चेयरमैन राजेश यादव, नितिन जैन ने भी शोक व्यक्त किया।