{"_id":"64cd569430cd90200102bb15","slug":"the-linemans-hand-was-cut-off-due-to-the-negligence-of-the-sub-station-operator-aligarh-news-c-114-1-sali1013-151-2023-08-05","type":"story","status":"publish","title_hn":"Aligarh News: करंट लगने से खंभे से गिरा लाइनमैन, कटा हाथ, मुकदमा दर्ज","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Aligarh News: करंट लगने से खंभे से गिरा लाइनमैन, कटा हाथ, मुकदमा दर्ज
Sat, 05 Aug 2023 01:20 AM IST
अलीगढ़ ब्यूरो
अमर उजाला नेटवर्क, अलीगढ़
अमर उजाला नेटवर्क, अलीगढ़
Published by: अलीगढ़ ब्यूरो
Updated Sat, 05 Aug 2023 01:20 AM IST
सार
लाइनमैन खंभे पर चढ़कर काम करने लगा। आरोप है कि इसी दौरान विद्युत उपकेन्द्र परिचालक ने आपूर्ति बहाल कर दी, जिससे करंट लगने से वह जख्मी होकर खंभे से जमीन पर जा गिर गया। इलाज के दौरान डॉक्टरों ने जान बचाने के लिए दाहिना हाथ कोहनी से नीचे काट दिया।
विज्ञापन
पीड़ित संजय शर्मा
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
अलीगढ़ में हरदुआगंज के अवर अभियंता के कहने पर रॉयल होम्स फीडर पर लाइन सही करने पहुंचे संविदा कर्मी लाइनमैन के शट डाउन लेने के बावजूद कुछ देर बाद आपूर्ति बहाल कर दी गई, करंट लगने से झुलसा लाइनमैन खंभे से जमीन पर आकर गिरा। इलाज में डॉक्टरों ने उसका दाहिना हाथ काट दिया। पीड़ित विभागीय अधिकारियों से मुआवजे की गुहार लगाता रहा, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। एसएसपी के आदेश पर शुक्रवार को एक विद्युतकर्मी के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
विज्ञापन
अलीगढ़ के मोहल्ला बेगमबाग निवासी संजय शर्मा पुत्र पन्नालाल शर्मा ने बताया कि वह बिजली विभाग में बतौर संविदा कर्मी लाइनमैन के रूप में विद्युत उपकेन्द्र विकास भवन देवसैनी पर कार्यरत हैं। दो माह पूर्व 29 मई की सुबह 9 बजे करीब अवर अभियंता चंचल शर्मा ने रॉयल होम्स 11 केवी फीडर की लाइन में आई खराबी को ठीक करने के लिए भेजा। जहां पहुंचकर उसने उपकेन्द्र परिचालक लखीपाल सिंह को सूचना देकर शटडाउन ले लिया और खंभे पर चढ़कर काम करने लगा।
विज्ञापन
आरोप है कि इसी दौरान विद्युत उपकेन्द्र परिचालक ने आपूर्ति बहाल कर दी, जिससे करंट लगने से वह जख्मी होकर खंभे से जमीन पर जा गिर गया। इलाज के दौरान डॉक्टरों ने जान बचाने के लिए दाहिना हाथ कोहनी से नीचे काट दिया। पीड़ित का कहना है कि इलाज से उसपर कर्ज हो गया है। लेकिन विभागीय अधिकारी कोई मदद नहीं कर रहे। हरदुआगंज थाने पर भी शिकायत की, वहीं भी किसी ने नहीं सुनी। मामले में पीड़ित ने एसएसपी से गुहार लगाई। एसएसपी के आदेश पर उपकेंद्र परिचालक के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
विज्ञापन