अभी छूटी नहीं थी हाथों की मेहंदी: नवदंपती सड़क पर तड़फते रहे, पुलिस देखती रही, उजड़ गई नेहा की मांग
अभी नेहा के हाथों की मेहंदी छूटी नहीं थी। राहुल नेहा को ससुराल से विदा कराकर ले जा रहा था। ट्रक ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। एंबुलेंस के इंतजार में दोनों सड़क पर पड़े तड़पते रहे और पुलिस देखती रही। सिस्टम की लापरवाही ने नेहा की मांग उजाड़ दी, राहुल की मौत हो गई।
विस्तार
12 दिन पहले राहुल (28) और नेहा की शादी हुई, 16 मई रात राहुल पत्नी को ससुराल से विदा कराकर बाइक से अपने गांव लौट रहा था। इस दौरान काल बनकर आए तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार नवदंपती को टक्कर मार दी। दोनों गंभीर हालत में सड़क पर पड़े तड़फते रहे, सूचना पर पहुंची पुलिस देखती रही। परिजनों और ग्रामीणों का आरोप है कि एंबुलेंस भी एक घंटा देरी से पहुंची और समय पर उपचार न मिलने से राहुल की मौत हो गई। हादसे में उनकी पत्नी नेहा भी गंभीर रूप से घायल हुई है। हादसे के बाद चालक ट्रक लेकर फरार हो गया।
गोधा थाना क्षेत्र के गांव खेड़ा बुजुर्ग निवासी राहुल की गत 5 मई को गुलावठी बुलंदशहर निवासी नेहा के साथ शादी हुई थी। जब वह गोधा पुलिया के पास वह पहुंचे, तभी गोधा की ओर से आए तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी। ग्रामीणों का आरोप है कि हादसे के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस को कॉल किया, लेकिन एक घंटे तक एंबुलेंस नहीं पहुंची। इस दौरान लहूलुहान राहुल और नेहा सड़क पर पड़े तड़पते रहे, लेकिन पुलिस कर्मियों ने उन्हें अस्पताल नहीं पहुंचाया, एंबुलेंस के आने का इंतजार करते रहे।
आरोप है कि एंबुलेंस पहुंचने पर भी सीधे जेएन मेडिकल कॉलेज ले जाने के बजाय पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जवां पर ले गए, वहां से जेएन मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। इसमें भी देरी हुई। ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिस कर्मी अपनी गाड़ी में ही दोनों को समय रहते अस्पताल पहुंचा देते तो राहुल की जान बच सकती थी। राहुल चार भाइयों में तीसरे नंबर का था। पिता मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। गोधा थाने की इंस्पेक्टर सरिता द्विवेदी का कहना है कि तहरीर मिलने पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
किसी भी स्तर पर एंबुलेंस देरी से पहुंचने की लापरवाही हुई है तो संबंधित के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। जांच के आदेश दे दिए गए हैं।-डॉक्टर एसके जैन, एंबुलेंस प्रभारी
एनएच रोड है, इस पर एंबुलेंस नियमित रूप से रहने का प्रावधान है। दुर्घटना के बाद किन परिस्थितियों में क्या हुआ, इसकी जांच की जाएगी। पुलिस स्तर से किसी तरह की लापरवाही बरती गई है और उसका संज्ञान लिया जाएगा-अभय पांडेय, सीओ तृतीय
गहनों से भरा पर्स भी चोरी कर ले गया कोई
परिजनों और ग्रामीणों के आरोप है कि नेहा के पास पर्स भी था, जिसमें गहने और नकदी थी। वह भी गायब है। कोई उसे भी चोरी कर ले गया।