मुझे चौथी मंजिल से देखना है: खेलती छात्रा का फिसला पैर, विद्युत केबिल से टकराकर गिरी सड़क पर, हुई दर्दनाक मौत
रोजाना की तरह अनाया स्कूल की छुट्टी के बाद करीब दो बजे लौटकर घर आई। पिता के अनुसार कुछ देर बाद ही घर की छत पर वॉलीबाल खेलने चली गई। अचानक पैर फिसलने के कारण संतुलन बिगड़ जाने पर वह छत से बिजली की केबल से टकराते हुए नीचे गली में आ गिरी।
विस्तार
अलीगढ़ में क्वार्सी क्षेत्र के सुरेंद्र नगर इलाके की राजेश्वरी काॅलोनी में एक नाैवीं कक्षा की छात्रा की 24 अक्तूबर दोपहर छत से गिरकर मौत हो गई। परिजनों के अनुसार बच्ची स्कूल से आने के बाद छत पर खेलने चली गई थी। पैर फिसलने से वह छत से गिर गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
शहर के सुरेंद्र नगर स्थित राजेश्वर काॅलोनी निवासी दीपक शर्मा मर्चेंट नेवी में चीफ इंजीनियर के पद पर तैनात हैं। दीपक शर्मा ने करीब चार साल पहले दूसरी शादी की है। पहली पत्नी से उनको दो बेटियां थीं। बड़ी बेटी वनस्थली विद्यापीठ में रहकर लॉ की पढ़ाई कर रही है। जबकि दूसरे नंबर की 14 वर्षीय छोटी बेटी अनाया शर्मा शहर के रामघाट रोड स्थित एक नामी कान्वेंट स्कूल से नाैवीं की पढ़ाई कर रही थी।
रोजाना की तरह अनाया स्कूल की छुट्टी के बाद करीब दो बजे लौटकर घर आई। पिता के अनुसार कुछ देर बाद ही घर की छत पर वॉलीबाल खेलने चली गई। अचानक पैर फिसलने के कारण संतुलन बिगड़ जाने पर वह छत से बिजली की केबल से टकराते हुए नीचे गली में आ गिरी। जिस समय बेटी गली में गिरी वह घर में टीवी पर मैच देख रहे थे। बाहर दौड़कर पहुंचे तो बेटी छत से नीचे गली में गिरी पड़ी थी।
उन्होंने बताया कि पड़ोस के लोगों की मदद से बेटी को मोहल्ले के ही निजी अस्पताल में ले गए। जहां करीब शाम साढ़े पांच बजे तक चले उपचार के बाद उसे चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। छात्रा के दायें हाथ में फ्रैक्चर पाया गया है। अंदरूनी चोटों से मौत होने का अंदेशा जताया गया है। हालांकि, छात्रा की माैत को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हैं। क्वार्सी पुलिस भी घटनास्थल पर आ गई। जांच-पड़ताल के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
दूसरी पत्नी से नहीं है कोई संतान
पुलिस के अनुसार मर्चेंट नेवी इंजीनियर दीपक शर्मा का पहली पत्नी से किन्हीं कारणों से अलगाव हो गया। जिसके बाद उन्होंने दूसरी शादी कर ली। शादी के कई साल बाद भी अभी तक दूसरी पत्नी से उनको कोई संतान नहीं हुई। घर में दीपक के अलावा दूसरी पत्नी, छोटी बेटी, दूसरी पत्नी का भाई व उसके बच्चे साथ में ही रहते हैं।
चौकीदार से बोली छात्रा, मुझे छत पर जाकर देखना है
पिता दीपक शर्मा ने घर की छत से गिरने की बात पुलिस को बताई है। लेकिन घर के सामने माधवा अपार्टमेंट के चौकीदार रनवीर सिंह ने पुलिस व मीडिया को बताया कि बच्ची स्कूल से सीधे बैग सहित उनके पास आई थी। बोली कि मुझे छत पर जाकर देखना है। चूंकि वह एक-दो बार पहले भी ड्राइवर संग आई है तो चारपाई पर लेटे-लेटे चौकीदार ने जाने का इशारा कर दिया। वह सीधे अपार्टमेंट की चौथी मंजिल पर पहुंची है और कुछ ही पल में सीधे नीचे गली में आ गिरी। चौकीदार के अनुसार वह अपने आप चौथी मंजिल से नीचे गिरी थी।
परिवार ने खेलते समय पैर फिसल जाने से छत से गिरने की बात कही है। इसी आधार पर शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। जो भी तथ्य जांच में सामने आएंगे आगे साक्ष्य संकलित कर उस पर विधिक निर्णय लिया जाएगा। - मयंक पाठक, एएसपी