RO-ARO Exam: अलीगढ़ में 43 केंद्रों पर हुई परीक्षा, गणित और सामान्य ज्ञान के सवालों ने उलझाया
आरओ-एआरओ परीक्षा के चलते रामघाट रोड, एटा चुंगी, नाैरंगाबाद पुल, आगरा रोड समेत कई स्थानों पर जाम लग गया। इससे राहगीरों व वाहन चालकों को काफी परेशानी हुई।
विस्तार
अलीगढ़ जिले के 43 केंद्रों पर 27 जुलाई को समीक्षा अधिकारी (आरओ) और सहायक समीक्षा अधिकारी (एआरओ) की परीक्षा हुई। यहां 20640 में से 7762 (37.60 फीसदी) अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी जबकि 12878 (62.40 फीसदी) गैरहाजिर रहे। परीक्षा देकर निकले ज्यादातर अभ्यर्थियों ने गणित और सामान्य ज्ञान के सवालों को उलझाने वाला बताया।
उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग प्रयागराज की ओर से आयोजित परीक्षा रविवार को सुबह 9:30 से दोपहर 12:30 तक हुई। केंद्रों पर सुबह आठ बजे ही अभ्यर्थी पहुंच गए। परीक्षा कड़ी सुरक्षा में हुई। चेकिंग के बाद ही उन्हें परीक्षा कक्ष में जाने दिया गया। तीन घंटे की परीक्षा में अभ्यर्थियों को गणित के प्रश्नों को हल करने में ज्यादा कठिनाई हुई।
सामान्य ज्ञान के प्रश्नों को घुमाकर पूछने से भी काफी अभ्यर्थी उलझ गए। अभ्यर्थियों ने बताया कि पूर्व की घटनाओं को वर्तमान से जोड़कर सवाल पूछे गए थे। मंडलायुक्त संगीता सिंह, डीआईजी प्रभाकर चौधरी, डीएम संजीव रंजन, एसएसपी संजीव सुमन सहित प्रशासनिक अधिकारियों ने परीक्षा केंद्रों का जायजा लिया।
पेपर अच्छा हुआ है। हालांकि, गणित के प्रश्न कुछ कठिन थे। परिणाम की प्रतीक्षा है। - अनुज कुमार
सामान्य ज्ञान के प्रश्न को वर्तमान की घटनाओं से जोड़कर पूछा गया था। नतीजा अच्छा आएगा। - वीर सिंह
महीनों से इस परीक्षा के लिए मेहनत कर रहे थे। जैसी तैयारी थी उस हिसाब से पेपर अच्छा हुआ है। - प्रवीन कुमार
पेपर कैसे हुआ यह तो परिणाम तय करेगा मगर एक बात तय है कि तैयारी के अनुरूप प्रश्न आए थे। - सुनील चौधरी
परीक्षा के चलते लगा जाम, कई स्थानों पर ठहरे वाहन
आरओ-एआरओ परीक्षा के चलते रामघाट रोड, एटा चुंगी, नाैरंगाबाद पुल, आगरा रोड समेत कई स्थानों पर जाम लग गया। इससे राहगीरों व वाहन चालकों को काफी परेशानी हुई। रामघाट रोड पर टीआर गर्ल्स इंटर काॅलेज से लेकर मीनाक्षी पुल, दुबे का पड़ाव तक वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं। एटा चुंगी बाईपास, आगरा रोड पर वाहन रेंगते नजर आए।
इस संबंध में एसपी सिटी मृगांक शेखर पाठक का कहना है कि परीक्षा की वजह से थोड़ी देर तक जाम जैसे हालात बने रहे। पुलिस कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद यातायात को सुचारू करा दिया। परीक्षा को लेकर रेलवे स्टेशन, मसूदाबाद व सारसाैल बस स्टैंड पर सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए गए थे। स्टेशन पर भीड़ को देखते हुए ट्रेनों के अतिरिक्त समय के ठहराव के साथ ही अतिरिक्त बसों की भी व्यवस्था की गई थी।