कोरोना संक्रमण के चलते सेंटर प्वाइंट स्थित श्री टीकाराम मंदिर में बुधवार को राम नवमी पर सादगी के साथ श्रीराम जन्मोत्सव मनाया गया। बाहरी श्रद्धालुओं को नहीं बुलाया गया था। टीकाराम परिवार और मंदिर परिसर में रहने वाले श्रद्धालुओं ने ही जन्मोत्सव में प्रतिभाग किया। बधाई गीतों पर श्रद्धालु झूम उठे।
बुधवार की सुबह मंदिर को शुद्ध कर भगवान श्रीसीताराम के विग्रहों का अभिषेक किया गया। नए वस्त्र पहनाकर सुंदर शृंगार किया गया। आरती उतारकर मंदिर परिसर में बधाइयां गाई गईं। राजू पंडित ने अवधी भाषा में कई बधाइयां सुनाईं। सुंदर भजनाें एवं बधाई गीतों से श्रद्धालु गदगद होकर झूम उठे।
इसके बाद श्रद्धालुओं में प्रसादी का वितरण किया गया। इस मौके पर प्रबंध न्यासी हरिप्रकाश गुप्ता, रामजी पंडित, प्रदीप अग्रवाल, सुरेंद्र भारद्वाज, मंजू मिश्रा, सुधा झा, संध्या तिवारी, विनीता अग्रवाल, सरोज गुप्ता, कमला सैनी, प्रतिमा वार्ष्णेय आदि मौजूद रहे।